छात्रा की मौत पर CBI जांच और मुआवजे की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन II
छात्रा की मौत पर CBI जांच और मुआवजे की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन II


अशोकनगर-(पवन कुमार लोधी):- टीकमगढ़ जिले के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कुण्डेश्वर में कक्षा 11वीं की छात्रा आस्था अहिरवार की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जाँच की मांग तेज हो गई है। मंगलवार को भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार भारतेंदु यादव को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि 14 अगस्त को विद्यालय परिसर के हॉस्टल की सीढ़ियों की रेलिंग से आस्था अहिरवार का शव संदिग्ध अवस्था में लटका मिला था। यह घटना दोपहर करीब 3 से 4.30 बजे के बीच हुई। परिजनों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि चूँकि नवोदय एक आवासीय विद्यालय है जहाँ छात्रों की चौबीसों घंटे निगरानी रहती है, ऐसे में विद्यालय परिसर के भीतर इस तरह की घटना गंभीर सवाल खड़े करती है। ज्ञापन में छात्रा की मौत की निष्पक्ष सीबीआई जाँच कराए जाने, पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी तथा 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की माँग की गई। साथ ही, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा ग्वालियर हाईकोर्ट और अशोकनगर के नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्थापित करने, पुराने रक्सीलेस स्कूल की खाली ज़मीन से अतिक्रमण हटाकर गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल का निर्माण करने, आंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण और उसमें सीसीटीवी लगाने, समाज के लिए धर्मशाला हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा पिपरई आंबेडकर पार्क से जुड़ी लंबित फाइलों पर शीघ्र निर्णय लेने की माँग भी शामिल की गई। भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन के दौरान भीम आर्मी के जिला संयोजक जितेन्द्र बैरसिया और आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर मोरे सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे ।। #newstodayhry @newstodayhry



