‘शहीद देश की अमूल्य धरोहर’, पुलिस स्मृति दिवस पर बोले एसपी दीपक सहारन
‘शहीद देश की अमूल्य धरोहर’, पुलिस स्मृति दिवस पर बोले एसपी दीपक सहारन
सिरसा:- (अक्षित कम्बोज ) बरनाला रोड पुलिस लाइन सिरसा के प्रांगण में बुधवार सुबह पुलिस “स्मृति दिवस” मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन सहित अनेक पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिला सिरसा में अपनी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सब इंस्पेक्टर हंसराज व सब इंस्पेक्टर हरनाम सिंह के परिजनों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि शहीद देश की अमूल्य धरोहर हैं। देश और समाज की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनकी शहादत पुलिस बल के हर जवान को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से ड्यूटी निभाने की प्रेरणा देती है। पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि “स्मृति दिवस” दिवस केवल वीर शहीदों को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों पर चलने और देशसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। शहीदों के परिवारों का मान-सम्मान बनाए रखना पुलिस विभाग और समाज की जिम्मेदारी है। एसपी ने बताया कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की याद में इस दिवस की शुरुआत हुई थी। देश भर के सभी राज्यों में एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक शहीद हुए पुलिस व अर्धसैनिक बलों के 154 जवानों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शदीप सिंह,डीएसपी सुखबीर सिंह,डीएसपी राजेश कुमार डीएसपी राजवीर सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया ।


