फरीदाबाद में 14 सेकेंड में बुलेट चोरी, CCTV में कैद हुई चोर की करतूत
फरीदाबाद में 14 सेकेंड में बुलेट चोरी, CCTV में कैद हुई चोर की करतूत
फरीदाबाद :- (शिवम् शर्मा )दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सेक्टर-81 स्थित एक निजी स्कूल की पार्किंग का है, जहां एक चोर महज 14 सेकेंड में बुलेट बाइक चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात स्कूल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के मुताबिक, पीड़ित को करीब 8 दिन पहले अपने बेटे के कुआं पूजन के अवसर पर ससुराल पक्ष की तरफ से बुलेट बाइक उपहार में मिली थी। परिवार की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि चोर ने बाइक पर हाथ साफ कर दिया। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि मुंह पर मास्क लगाए एक युवक पार्किंग में पहुंचता है और महज 14 सेकेंड के भीतर बाइक चोरी कर वहां से निकल जाता है।घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और चोरी हुई बाइक बरामद करने में जुटी है। पुलिस की ओर से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

