महर्षि वाल्मीकि जयंती पर लोहारू में निकाली गई भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत II
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर लोहारू में निकाली गई भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत II


लोहारू-(अभिषेक ठाकुर):- लोहारू शहर में स्थित वाल्मीकि मंदिर में महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोहारू एसडीएम मनोज दलाल ने शिरकत की, जिनका स्वागत वाल्मीकि समाज के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पुष्पगुच्छ और सम्मान-पत्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका चेयरमैन प्रदीप (बंटी) तायल, मार्केट कमेटी चेयरमैन संजय नेहरा, वाइस चेयरमैन सुभाष सैनी, धनपत सैनी, विजय शेखावत, खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन वाल्मीकि समाज और प्रधान बंटी बाबा के नेतृत्व में किया गया था। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एसडीएम मनोज दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने समाज को सच्चे ज्ञान, धर्म और मानवता का मार्ग दिखाया।
उन्होंने ‘रामायण’ जैसी अमर कृति लिखकर आदर्श जीवन का संदेश दिया। दलाल ने कहा कि:-
आज के युग में भी वाल्मीकि जी की शिक्षाएं सामाजिक समरसता और भाईचारे की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के साथ-साथ रूपचंद सैनी, गौतम, जगदीश, राधेश्याम, राजेंद्र दरोगा, श्यामलाल, रामप्रताप, उमेद सहित सर्व समाज के लोग और नगर के पार्षदगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जयंती के उपलक्ष्य में भव्य झांकी का आयोजन भी किया गया, जिसमें भगवान वाल्मीकि, भगवान गणेश, भगवान राम, भगवान शिव-पार्वती की सुंदर प्रतिमाओं को सजाकर नगर में शोभायात्रा निकाली गई। यह झांकी बाल्मीकि चौक से प्रारंभ होकर माता चौक, पुराना शहर, भगतसिंह चौक, अनाज मंडी, सूरजगढ़ रोड, बस स्टैंड होते हुए पुनः वाल्मीकि मंदिर पर संपन्न हुई। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर झांकी का स्वागत किया।पूरे नगर में वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह वाल्मीकि समाज और अन्य समाजों के लोगों ने झांकी का स्वागत किया। मंदिर परिसर में धार्मिक भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और धार्मिक मूल्यों को सशक्त बनाते हैं।। #newstodayhry @newstodayhry



