Haryana
Trending

करियर की सही दिशा ही सफलता की पहली सीढ़ी ll

करियर की सही दिशा ही सफलता की पहली सीढ़ी ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य मदन मलिक ने की। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पूरू रोहिला एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने भी विद्यार्थियों से रूबरू होकर उनका मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में आकाश इंस्टीट्यूट के असिस्टेंट एकेडमिक डायरेक्टर अमित गोस्वामी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें विशेष रूप से नीट एवं आईआईटी जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, विषयों की समझ, नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन तथा लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जितनी जल्दी और योजनाबद्ध तरीके से शुरू की जाए, सफलता की संभावना उतनी ही अधिक होती है। इस अवसर पर आकाश इंस्टीट्यूट सिरसा के ब्रांच मैनेजर हिमांशु ग्रोवर, एडमिनिस्ट्रेटर विकास कुमार, एडमिशन मैनेजर रिपनजोत कौर एवं विक्रम राजपूत भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मेडिकल, नॉन-मेडिकल, कॉमर्स और आर्ट्स सहित विभिन्न स्ट्रीम में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल, रिसर्च, प्रशासनिक सेवाओं, डिफेंस, मैनेजमेंट, आईटी एवं अन्य उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी पूरू रोहिला ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पढ़ाई के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को सही निर्णय लेने, आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने की क्षमता प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ने, अपनी रुचि और क्षमता को पहचानने तथा भविष्य के लक्ष्य को ध्यान में रखकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में अपनी अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। आवश्यकता है कि विद्यार्थी अपनी रुचि को पहचानें, सही दिशा का चयन करें और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को समय रहते करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी मिलने से वे अपने भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए पूरी ईमानदारी, लगन एवं निरंतरता के साथ मेहनत करने का आह्वान किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कॉन्सेप्ट की मजबूत समझ, निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रारंभिक स्तर से ही योजनाबद्ध तरीके से मेहनत करने की सलाह दी गई। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button