#haryanagorvment
Trending

पेंशनर्स रहें सावधान! फर्जी कॉल, लिंक और ऐप से खाली हो सकता है बैंक खाता

पेंशनर्स रहें सावधान! फर्जी कॉल, लिंक और ऐप से खाली हो सकता है बैंक खाता

हिसार:- (अमित कुमार ) पेंशनभोगियों की मेहनत की कमाई और जीवनभर की जमा-पूंजी को साइबर ठगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से हिसार पुलिस ने आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनभोगियों के लिए साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आगाह किया है कि वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करवाने की प्रक्रिया के दौरान साइबर अपराधी बैंक कर्मचारी या अधिकारी बनकर फोन कर सकते हैं और डिजिटल प्रक्रिया पूरी करवाने के बहाने लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं।जीवन प्रमाण पत्र के बहाने मोबाइल में सेंध लगा रहे साइबर ठग पेंशनभोगियों को प्रत्येक वर्ष अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाना होता है। साइबर अपराधी इसी प्रक्रिया का फायदा उठाकर पेंशनभोगियों को फोन करते हैं और उनका विश्वास जीतने के लिए स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हैं। इसके बाद वे जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने, पेंशन जारी रखने या डिजिटल सत्यापन पूरा करने के नाम पर मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड करवाने, APK फाइल इंस्टॉल करने अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं।ऐसे ऐप या लिंक के माध्यम से ठग मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने, स्क्रीन पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी करने अथवा मोबाइल का अनधिकृत नियंत्रण प्राप्त करने का प्रयास कर सकते हैं। इससे बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी चोरी होने और बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा रहता है।हिसार पुलिस स्पष्ट करती है कि पेंशनभोगी किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप इंस्टॉल न करें और न ही अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करें।साइबर ठगी से बचने के लिए इन 7 सुरक्षा नियमों का करें पालन

  1. बैंक कर्मचारी बनकर आने वाली कॉल से रहें सावधान: जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करवाने या पेंशन चालू रखने के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति की बातों में तुरंत विश्वास न करें। उसकी पहचान की पुष्टि बैंक की आधिकारिक शाखा या आधिकारिक हेल्पलाइन से करें।
  2. अनजान ऐप और APK फाइल से बनाएं दूरी: किसी भी व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में अनजान ऐप, APK फाइल या स्क्रीन-शेयरिंग एवं रिमोट-एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें। किसी को भी अपने मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस न दें।
  3. OTP और बैंकिंग जानकारी रखें गोपनीय: अपना OTP, ATM/डेबिट कार्ड PIN, CVV, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं।
  4. संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें: WhatsApp, SMS या अन्य माध्यमों से प्राप्त अनजान लिंक के जरिए जीवन प्रमाण पत्र अपडेट न करें। किसी अनजान वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी दर्ज न करें।
  5. जीवन प्रमाण पत्र के लिए अपनाएं आधिकारिक माध्यम: डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://jeevanpramaan.gov.in/ अथवा अधिकृत सेवा माध्यम का ही उपयोग करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक शाखा से सहायता लें।
  6. पेंशन रुकने का डर दिखाने वालों से रहें सतर्क: यदि कोई व्यक्ति तत्काल सत्यापन न करने पर पेंशन बंद होने या खाता फ्रीज होने की धमकी देकर दबाव बनाता है, तो घबराएं नहीं। संबंधित बैंक या पेंशन कार्यालय से स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि करें।
  7. परिवार के बुजुर्गों को करें जागरूक: परिवार के सदस्य अपने माता-पिता, वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को साइबर ठगी के नए तरीकों के बारे में बताएं। डिजिटल प्रक्रिया के दौरान उन्हें सुरक्षित एवं अधिकृत माध्यमों से सहायता उपलब्ध करवाएं।
    ठगी हो जाए तो एक-एक मिनट है कीमती यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है, तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे और https://www.cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज करवाए। साथ ही, संबंधित बैंक को तुरंत सूचित करके खाते एवं संदिग्ध लेन-देन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाएं। यदि मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल किया गया है, तो सुरक्षित डिवाइस से बैंक से संपर्क करें और संबंधित ऐप का अनधिकृत एक्सेस समाप्त करवाने के लिए सहायता लें।एसपी हिसार का संदेश पेंशनभोगियों की आर्थिक सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। साइबर अपराधी लोगों के विश्वास, डर और जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।याद रखें—जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया में जल्दबाजी नहीं, सतर्कता जरूरी है। आपकी एक छोटी-सी सावधानी जीवनभर की मेहनत की कमाई को साइबर ठगों के हाथों में जाने से बचा सकती है।हिसार पुलिस की अपील: जागरूक बनें, सतर्क रहें और साइबर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करें।

Related Articles

Back to top button