गंजबासौदा में पहली बार निकली चांदी की रथ यात्रा मुनि संघ ने दिया मंगल आशीर्वाद II
गंजबासौदा में पहली बार निकली चांदी की रथ यात्रा मुनि संघ ने दिया मंगल आशीर्वाद II


सकल जैन समाज द्वारा आयोजित विमान जी चल समारोह में मिला मुनि संघ का सानिध्य:-
गंजबासौदा-(मनोज कुमार शर्मा):- प्रत्येक वर्ष अनुसार इस वर्ष भी पर्यूषण पर्व के उपरांत नगर में सकल जैन समाज गंज बासौदा ने भव्य रथ यात्रा एवं विमान जी चल समारोह का आयोजन बड़े ही भक्तिभाव के साथ किया । प्रातः 07 बजे स्थानीय श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पारस पुरम (धूसरपूरा) से संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य एवं नवाचार्य समय सागर जी के मंगल आशीर्वाद से निर्यापक मुनि संभव सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में शोभा यात्रा प्रारंभ हुई, जो कि गांधी चौक, सावरकर चौक, विजय स्तंभ चौक, सुभाष चौक से भगवान महावीर मार्ग होते हुए आयोजन स्थल भगवान महावीर विहार पहुंची। रथ यात्रा एवं विमान जी चल समारोह में सबसे आगे मंगल के प्रतीक अष्ट प्रातिहार्य चल रहे थे फिर विज्ञान रथ उसके पीछे ऐरावत हाथी, अश्व रथ और सिंह रथ चल रहा था। वहीं रथ के बाद महिला मंडल ड्रेस कोड के साथ अपनी अपनी प्रस्तुतियों के साथ भक्ति करती नजर आईं । महिला मंडल के पीछे नगर में संचालित जैन पाठशालाओं द्वारा तैयार की गई मन मोहक झाकियां शोभा यात्रा को आकर्षित कर रहीं थीं। जैन समाज के युवा अपने अपने सेवादल के साथ दिव्यघोष से नगर को गुंजायमान कर रहे थे। बालिका मंडल द्वारा शोभा यात्रा में अपनी अपनी प्रस्तुति दे रही थीं। वहीं चांदी के विशाल रथ में विराजमान भगवान आदिनाथ स्वामी की प्रतिमा सबको आकर्षित कर रही है।
नगर में प्रथम बार रजत रथ यात्रा निकाली गई है:-
जिसमें नगर के सभी जिनालयों के मूल नायक भगवान चांदी की सात पालकी में एक साथ शोभा यात्रा में चला यमान हुए। श्री जी के पीछे पंच मुनिराज और एक ऐलक जी नगर वासियों को अपना आशीर्वाद प्रदान कर साथ चल रहे थे। मुनि संघ के पीछे बड़ी संख्या में सफेद वस्त्र पहने हुए पुरुष एवं केसरिया वस्त्र पहने हुए महिलाएं भजन मंडली के साथ झूमते और नाचते हुए नजर आए। चल समारोह के उपलक्ष्य में स्वजातीय बंधुओं ने आधे दिन तक अपने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा। वहीं अपने अपने घरों के बाहर रंगोली बनाकर सजाया चल समारोह के दौरान अपने अपने घरों के बाहर जिन प्रतिमाओं की मंगल आरती की। सुबह 10 बजे तक शोभा यात्रा आयोजन स्थल पर पहुंची। जहां मुनि श्री के मंगल प्रवचन के बाद जिन प्रतिमाओं का अभिषेक भी हुआ। वहीं महावीर विहार में प्रस्तावित पाषाण के विशाल जिनालय में चौबीसी जिनालय एवं मुख्य मंदिर में वेदी , प्रतिमाओं और शिखर के पुण्यार्जकों की घोषणा मंच से की गई। सभी पुण्यार्जकों ने मंच पर विराजमान मुनि संघ से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं देहात थाना सिटी थाना एवं यातायात थाना प्रभारी अपने अपने पुलिस बल के साथ चल समारोह में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से दुरुस्त करते नजर आए।। #newstodayhry @newstodayhry



