शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की वंदिता कस्वां बनी कला संकाय में देश की द्वितीय टॉपर।।
शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की वंदिता कस्वां बनी कला संकाय में देश की द्वितीय टॉपर।।

सिरसा – (अक्षित कम्बोज) :- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करने वाली शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सिरसा की मेधावी छात्राओं के सम्मान में वीरवार को स्कूल परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान पूरे विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय की कला संकाय की छात्रा वंदिता कस्वां ने 99.6 प्रतिशत अंक हासिल कर हरियाणा में पहला तथा देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं रितिका ने 99.4 प्रतिशत अंक लेकर हरियाणा में दूसरा स्थान हासिल कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह नजर आया। शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य चरणजीत सिंह इन्सां, रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, रामकिशन बजाज इन्सां, गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां तथा उप-प्रधानाचार्या सीमा छाबड़ा इन्सां ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह की शुरूआत स्कूल के मुख्य द्वार पर मेधावी छात्राओं के स्वागत के साथ हुई। प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां व उप-प्रधानाचार्या सीमा छाबड़ा इन्सां ने वंदिता, रितिका सहित अन्य मेधावी छात्राओं को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद बैंड की मधुर धुनों के बीच छात्राओं को मुख्य मंच तक लाया गया। मंच के सामने बैठी हजारों छात्राओं ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।मंच पर प्रधानाचार्या व उप-प्रधानाचार्या ने सभी मेधावी छात्राओं को टोकन आॅफ लव देकर सम्मानित किया। इस दौरान छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं ने जूनियर विद्यार्थियों के साथ अपनी सफलता के अनुभव भी साझा किए।स्कूल प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां एवं मेधावी छात्राओं ने अपनी शानदार सफलता का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां द्वारा बताए गए मेडिटेशन और सकारात्मक जीवनशैली को दिया। उन्होंने कहा कि मेडिटेशन केवल मानसिक शांति ही नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम है। मेडिटेशन के कारण विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई में केंद्रित रहता है, जिससे विषयों को समझने और लंबे समय तक याद रखने में सहायता मिलती है। प्रधानाचार्या ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों पर पढ़ाई का काफी दबाव रहता है, लेकिन मेडिटेशन उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और विद्यार्थी तनावमुक्त होकर पढ़ाई पर पूरा फोकस कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में छात्राओं को नियमित रूप से अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया जाता है। छात्राओं ने कहा कि सफलता केवल अधिक घंटे पढ़ने से नहीं मिलती, बल्कि सही तरीके से मन लगाकर पढ़ाई करने से मिलती है। मेडिटेशन ने उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी, जिसका परिणाम आज शानदार परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आया है। छात्राओं ने विद्यार्थियों से पहले दिन से ही पढ़ाई को गंभीरता से लेने का आह्वान किया।आर्ट्स संकाय में प्रिया ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कॉमर्स संकाय में जैस्मीन कौर ने 96.2 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंश रीत इन्सां ने 95.2 प्रतिशत और कीर्ति ने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। साइंस संकाय में गुंजन, प्रतिज्ञा और खुशी ने संयुक्त रूप से 93.2 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां ने बताया कि स्कूल से 174 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुई थीं और सभी छात्राएं उत्तीर्ण रही हैं। इनमें 111 छात्राओं ने मेरिट के साथ परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि 12 छात्राओं ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 39 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा 60 छात्राओं ने 80 से 89 प्रतिशत तथा 23 छात्राओं ने 75 से 79 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त किए। 38 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी और 2 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में छात्राओं की उपलब्धियों को लेकर उत्साह, गर्व और खुशी का माहौल बना रहा । #Newstodayhry @Newstodayhry

