#haryanagorvment
Trending

घरों तक पहुंचने वाली गैस पाइपलाइन में लगी आग, दो झुलसे; विभाग पर उठे सवाल

घरों तक पहुंचने वाली गैस पाइपलाइन में लगी आग, दो झुलसे; विभाग पर उठे सवाल

यमुनानगर :- (मनदीप कौर) महादेव कॉलोनी में देर शाम घरेलू गैस पाइपलाइन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गैस सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।यमुनानगर की महादेव कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों के घरों तक घरेलू गैस पहुंचाने वाली पीएनजी पाइपलाइन में अचानक आग लग गई। एक दुकान के सामने लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। आग की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को आग से दूर किया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पाइपलाइन की गैस सप्लाई पीछे से बंद करवाई, जिसके बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में गैस पाइपलाइन पर काम किया जा रहा था। लोगों के मुताबिक, काम के दौरान गैस सप्लाई बंद करने की बात कही गई थी, लेकिन कथित तौर पर गैस बंद नहीं की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल तथा पाइपलाइन से दूर रखा। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर घरेलू गैस पाइपलाइन में आग कैसे लगी और क्या काम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था? फिलहाल, इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button