हिसार में अवैध हथियार रखने वालों पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी मनोज गिरफ्तार
हिसार में अवैध हथियार रखने वालों पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी मनोज गिरफ्तार
हिसार :- (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत CIA मिल गेट हिसार की टीम ने गांव दुर्जनपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .30 बोर के दो अवैध असले और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।CIA मिल गेट प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि उनकी टीम अपराधों की रोकथाम एवं जांच के संबंध में गांव दुर्जनपुर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मनोज पुत्र बंशीलाल निवासी असरवा के पास अवैध हथियार हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .30 बोर के दो नाजायज असले और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अग्रोहा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि उससे अवैध हथियारों के स्रोत, उन्हें उपलब्ध करवाने वाले व्यक्तियों तथा अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा सके।एसपी हिसार का सख्त संदेश पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियार रखने, उनकी खरीद-फरोख्त करने तथा उनका इस्तेमाल कर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ हिसार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध हथियारों के माध्यम से आमजन में भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों के लिए हिसार जिले में कोई जगह नहीं है।हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों अथवा संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।


