हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल कोर कमेटी ने की निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात ll
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल कोर कमेटी ने की निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) शहर में स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्यों को लेकर व्यापारियों और आमजन को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान हीरालाल शर्मा की अध्यक्षता में निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। उनके साथ शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, प्रेम गुप्ता, हेमंत गुप्ता व सतीश शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि शहर के मुख्य बाजार रोड़ी बाजार, पुरानी सब्जी मण्डी, सिटी थाना रोड, सदर बाजार, हिसारिया बाजार, जनता भवन रोड, गीता भवन रोड, एल.आई.सी. आफिस रोड एवं दोनों तरफ की गलियों में नगरपरिषद द्वारा स्टोर्म वाटर पाईप लाईन बिछाई गई है। प्रोजेक्ट के दौरान शहर की सड़कों को खोदने, रास्ते बाधित होने और टूटी सड़कों के कारण व्यापारियों व नागरिकों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि त्योहारी सीजन, जनहित और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्यों को व्यवस्थित ढंग से करवाया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत करवाई जाए। जिला प्रधान हीरालाल शर्मा ने मंत्री को बताया कि स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के कार्यों के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को बाजारों तक पहुंचने में भी कठिनाई हो रही है। कई स्थानों पर टूटी सड़कों और निर्माण कार्यों के कारण धूल-मिट्टी तथा जाम जैसी समस्याएं भी पैदा हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इनके चलते आमजन और व्यापारियों को लंबे समय तक परेशानी नहीं झेलनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद निकाय मंत्री विपुल गोयल ने संबंधित अधिकारियों को टूटी हुई सड़कों की बदहाली को दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बाजारों में आवागमन सुचारू हो सके और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की कोर कमेटी ने मंत्री द्वारा दिए गए निदेर्शों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करेगा और शहरवासियों को राहत मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा व्यापारियों के हितों के साथ-साथ शहर की मूलभूत समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाता रहेगा, ताकि विकास कार्यों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। @newstodayhry #newstodayhry




