गांव गोबिंदपुरा में 18 नवंबर को होगा 16वां विशाल संत सम्मेलन एवं भंडारा ll
गांव गोबिंदपुरा में 18 नवंबर को होगा 16वां विशाल संत सम्मेलन एवं भंडारा ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) श्री शनिदेव केयर अर्थ फाउंडेशन (रजि.) के तत्वावधान में श्री शनिदेव जी महाराज की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में 18 नवंबर 2026, बुधवार को श्री शनिदेव मंदिर, गोबिंदपुरा (रानियां) में 16वें विशाल संत सम्मेलन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में देशभर से अनेक संत-महापुरुष शिरकत कर श्रद्धालुओं को अपने आध्यात्मिक प्रवचनों से निहाल करेंगे। फाऊंडेशन के निदेशक हरमेश लाल ने बताया कि आयोजन के तहत प्रात: 9 बजे से प्रभु इच्छा तक लंगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जबकि विशाल संत सम्मेलन प्रात: 10:15 बजे से प्रारंभ होगा। सम्मेलन में विभिन्न संत-महात्मा धर्म, अध्यात्म, मानवता, सद्भाव और समाज कल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम महामहिम राज्यपाल गुजरात आचार्य देवव्रत के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा। फाऊंडेशन के निदेशक हरमेश लाल ने बताया कि श्री शनिदेव केयर अर्थ फाउंडेशन की ओर से किसानों को जहर मुक्त खेती, प्राकृतिक कृषि, मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इसी दिन कृषि जागरूकता सम्मेलन एवं जहर मुक्त खेती अभियान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को रासायनिक कीटनाशकों एवं उर्वरकों के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण, पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा मानव स्वास्थ्य पर रासायनिक खेती के प्रभावों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेती को लाभकारी बनाने के साथ-साथ जमीन की सेहत और पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है। रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसे में प्राकृतिक एवं जहर मुक्त खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। किसानों को जागरूक करके ही आने वाली पीढ़ियों के लिए उपजाऊ जमीन, स्वच्छ जल और स्वस्थ वातावरण सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों, कृषि विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों और आमजन से इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन देकर प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इस दौरान प्राकृतिक खेती के डॉक्टरों एवं वैज्ञानिक किसानों द्वारा जमीन को रसायन मुक्त बनाने, प्राकृतिक खेती अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को गेहूं का देसी बीज भी वितरित किया जाएगा। @newstodayhry #newstodayhry




