पार्ट-टाइम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने दीवाली पर भी वेतन न मिलने पर जताया विरोध ll
पार्ट-टाइम चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने दीवाली पर भी वेतन न मिलने पर जताया विरोध ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) शिक्षा विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी के पार्ट-टाइम कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन न मिलने तथा दीवाली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार पर भी वेतन जारी न किए जाने को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा (जिला सिरसा) तथा हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन (रजि. नं. 498) ने गहरा रोष व्यक्त किया है। इस संबंध में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान मदन लाल खोथ, ब्लॉक प्रधान ललित सोलंकी, ओम प्रकाश, राजेश खिचड़, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन (रजि. नं. 492) के जिला प्रधान सुभाष चंद्र भट्टी और सचिव सुरेश लूणा ने उपायुक्त, सिरसा को मांग पत्र सौंपा है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सिरसा जिले के शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के पार्ट-टाइम कर्मचारी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक स्थिति है कि उन्हें उनके काम का मेहनताना समय पर नहीं मिल रहा है। सबसे अधिक पीड़ादायक बात यह है कि दीवाली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के अवसर पर भी इन कर्मचारियों को वेतन जारी नहीं किया गया। दीवाली जहां खुशियों, रोशनी और परिवार के साथ त्यौहार मनाने का अवसर होता है, वहीं वेतन के अभाव में कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान और आर्थिक तंगी झेलने को मजबूर हैं। सर्व कर्मचारी संघ एवं यूनियन के नेताओं ने उपायुक्त से पुरजोर मांग की है कि कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से समय पर वेतन दिलाने हेतु शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जाएं। @newstodayhry #newstodayhry




