रिकॉर्ड खरीदारी ने दिखाई मजबूत अर्थव्यवस्था की तस्वीर ll
रिकॉर्ड खरीदारी ने दिखाई मजबूत अर्थव्यवस्था की तस्वीर ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) धनतेरस के अवसर पर देशभर के बाजारों में देखने को मिली जबरदस्त रौनक और रिकॉर्ड खरीदारी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. सागर केहरवाला ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर और डूबती हुई बताने वालों को देश के बाजारों के आंकड़ों से जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि धनतेरस पर लोगों ने जिस उत्साह के साथ सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य वस्तुओं की खरीदारी की है, वह देश की अर्थव्यवस्था में उपभोक्ताओं के विश्वास और बाजार की सक्रियता को दर्शाता है। डॉ. केहरवाला ने कहा कि व्यापारिक संगठनों के आंकड़ों के अनुसार धनतेरस पर देशभर में लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जिसमें करीब 66 हजार करोड़ रुपये का व्यापार अकेले सोने-चांदी के क्षेत्र में हुआ। दिल्ली के सरार्फा बाजार में भी 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का दावा किया गया है। इन आंकड़ों से त्योहारी सीजन में बाजारों की मजबूत गतिविधियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आॅटोमोबाइल सेक्टर में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मारुति सुजुकी ने धनतेरस के दिन लगभग 30 हजार वाहनों की डिलीवरी की, जबकि हुंडई ने धनतेरस और दीपावली के दौरान लगभग 16 हजार वाहनों की डिलीवरी का लक्ष्य रखा। कैट ने नवरात्र से दीपावली तक देशभर में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के त्योहारी कारोबार का अनुमान जताया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 15 से 18 प्रतिशत अधिक हो सकता है। डॉ. केहरवाला ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लगातार देश की अर्थव्यवस्था को लेकर नकारात्मक बयानबाजी करते हैं, लेकिन बाजारों में उमड़ रही भीड़, व्यापारियों के चेहरे पर खुशी और लोगों की खरीदारी का उत्साह अलग ही तस्वीर पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अर्थव्यवस्था कमजोर होती तो त्योहारी सीजन में इस प्रकार की खरीदारी और कारोबार की उम्मीद करना मुश्किल होता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी सुधारों, व्यापार को सरल बनाने और कारोबारी माहौल बेहतर करने के प्रयासों से बाजारों को प्रोत्साहन मिला है। त्योहारों के दौरान होने वाला कारोबार केवल बड़े व्यापारियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि छोटे दुकानदारों, कारीगरों, परिवहन क्षेत्र, श्रमिकों और स्थानीय व्यवसायों को भी आर्थिक मजबूती प्रदान करता है। डॉ. सागर केहरवाला ने कहा कि धनतेरस पर देशवासियों का खरीदारी के प्रति उत्साह इस बात का संकेत है कि भारत के बाजारों में विश्वास और आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। कांग्रेस को देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाने के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। भारत की जनता विकास, रोजगार, व्यापारिक अवसरों और मजबूत अर्थव्यवस्था के पक्ष में खड़ी है तथा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। @newstodayhry #newstodayhry




