चिट्टा लेकर घूम रहा था आरोपी, हिसार पुलिस ने किया गिरफ्तार
चिट्टा लेकर घूम रहा था आरोपी, हिसार पुलिस ने किया गिरफ्तार
हिसार :- ( अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए सिरसा चुंगी नाका के पास से एक आरोपी को 11 ग्राम 680 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) व स्कूटी सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक जगदीश ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ अपराध पड़ताल एवं नशा तस्करी की रोकथाम के संबंध में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सतबीर निवासी तेजा मार्केट, भगत सिंह कॉलोनी हिसार, हाल निवासी पीरवाली, स्कूटी पर हेरोइन (चिट्टा) लेकर सप्लाई करने के लिए सिरसा चुंगी की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर स्कूटी सवार आरोपी को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11 ग्राम 680 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशे की सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके। एसपी हिसार का सख्त संदेश नशे का कारोबार करने वाले लोग युवाओं के भविष्य और समाज की जड़ों को खोखला कर रहे हैं। हिसार पुलिस ऐसे नशा तस्करों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगी। नशे की सप्लाई चेन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नशा बेचने वालों के लिए हिसार जिले में कोई जगह नहीं है। हिसार पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





