फरीदाबाद सीएनजी पंप पर मारपीट दो बच्चे समेत तीन घायल पांच दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया केस II
फरीदाबाद सीएनजी पंप पर मारपीट दो बच्चे समेत तीन घायल पांच दिन बाद पुलिस ने दर्ज किया केस II


फरीदाबाद-(शिवम् शर्मा):- फरीदाबाद के सेक्टर-20ए स्थित एक सीएनजी पंप पर 27 जुलाई को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें दो बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। यह विवाद सीएनजी पहले भरवाने को लेकर हुआ। मारपीट में घायल हुए लोग बीके अस्पताल में भर्ती कराए गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के पांच दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। पीड़ित नदीम, जो कि ओल्ड फरीदाबाद के संत नगर में रहते हैं, ने बताया कि वह अपने 15 साल के बेटे सुफियान और 9 साल के भतीजे अमान के साथ एक रिश्तेदार के पास जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार में गैस कम हो गई, तो वह सेक्टर-20ए के सीएनजी पंप पहुंचे और लाइन में लग गए। तभी करीब 10-12 युवक बिना लाइन का ध्यान रखे अपनी कार लेकर आगे बढ़ गए। जब नदीम ने इसका विरोध किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे और अपनी कार से लाठी, डंडे और हॉकी स्टिक निकालकर हमला कर दिया।
इस हमले में नदीम, उनका बेटा सुफियान और भतीजा अमान घायल हो गए। सुफियान का हाथ टूट गया, जबकि अमान को पांव और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सभी को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया। नदीम ने बताया कि उन्होंने घटना के दौरान डायल-112 पर पुलिस को कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिर वह घायल बच्चों को लेकर खुद ही पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली। अंत में वे खुद ही अस्पताल गए और इलाज कराया। घायल बच्चे सुफियान और अमान क्रमशः दसवीं और तीसरी कक्षा में पढ़ते हैं। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को शिकायत दी लेकिन पुलिस ने पांच दिन तक मामला दर्ज नहीं किया। मारपीट की पूरी घटना सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है, फिर भी पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।। #newstodayhry @newstodayhry



