महेंद्रगढ़ में दिनदहाड़े महज दस सेकंड में शातिर चोर साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार II
महेंद्रगढ़ में दिनदहाड़े महज दस सेकंड में शातिर चोर साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार II


महेंद्रगढ़-(राधेश्याम दिल्लीवान):- महेंद्रगढ़ में दिनदहाड़े महज दस सेकंड में शातिर चोर साढ़े चार लाख रुपये लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात महेंद्रगढ़ शहर और सदर थाने से सिर्फ दो सौ मीटर की दूरी पर हुई। पीड़ित सुनील कुमार पुत्र प्रभाती लाल निवासी गांव भुरजट ने बताया कि वह आईटीबीपी में जवान है और पंद्रह दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था। मकान बनाने के लिए उसने महेंद्रगढ़ स्थित एसबीआई ब्रांच सिनेमा रोड से पर्सनल लोन के तहत साढ़े चार लाख रुपये अपने खाते से निकाले। पैसे निकालने के बाद वह नजदीक की एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर सामान लेने पहुंचे। दुकान में खरीदारी करते समय उन्होंने बैग टेबल पर रख दिया।
खरीदारी पूरी होने के बाद बैग लेकर वह घर चले गए:-
लेकिन घर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए क्योंकि बैग से नकदी गायब थी। तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सामने आया कि एक युवक बैंक से लेकर दुकान तक सुनील कुमार का पीछा कर रहा था। मौके का फायदा उठाकर उसने बैग से रुपये निकाल लिए और अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। यह पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने न केवल पीड़ित को गहरा झटका दिया है बल्कि महेंद्रगढ़ शहरवासियों को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता में डाल दिया है क्योंकि यह चोरी थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई है। मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं और पीड़ित चोरों को जल्द पकड़ने की गुहार लगा रहा है।। #newstodayhry @newstodayhry



