न्यायालय संबंधी कार्यों की समीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक हिसार ने ली बैठक ll
न्यायालय संबंधी कार्यों की समीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक हिसार ने ली बैठक ll
हिसार-(अमित कुमार):-
पुलिस अधीक्षक, हिसार द्वारा आज पुलिस कार्यालय,में न्यायालय संबंधी कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हिसार, प्रभारी अभियोजन शाखा, प्रभारी एस्कॉर्ट गार्ड, प्रभारी समन स्टाफ, रीडर, प्रभारी आईटी सेल, प्रभारी कोर्ट सुरक्षा, सभी पैरवी अधिकारी एवं नायब कोर्ट उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में लंबित समन एवं वारंटों के निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी लंबित समन एवं वारंटों का समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।
इसके अतिरिक्त एस्कॉर्ट गार्ड की कार्यप्रणाली, न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था, पैरवी स्टाफ की कार्यकुशलता, 3rd Eye Module एवं CCTNS पर रिकॉर्ड के नियमित अद्यतन से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयों से संबंधित प्रत्येक कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए समन एवं वारंटों के निष्पादन, न्यायालयों की सुरक्षा, पैरवी कार्य तथा ऑनलाइन मॉड्यूल के अद्यतन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे न्यायालय संबंधी कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन हो सके।




