Haryana
Trending

विकास के मार्ग में रोड़े अटकाने वालों से जनता भी अब पूछेगी सवाल II

विकास के मार्ग में रोड़े अटकाने वालों से जनता भी अब पूछेगी सवाल II

विकास के मार्ग में रोड़े अटकाने वालों से जनता भी अब पूछेगी सवाल:-

अंबाला-(राहुल जाखड़):- कांग्रेस विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने अंबाला शहर में विकास को बाधित करने के आरोप भाजपा के पूर्व विधायक पर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक का कार्यकाल नगर की प्रगति में बाधा और हस्तक्षेप से चिह्नित रहा है। विश्रामगृह में आयोजित जनता समस्या दरबार के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में निर्मल सिंह ने कहा कि उनका कर्तव्य है कि वे किसी भी दल या मत के व्यक्ति की समस्या को सुनें और सरकार से उसका समाधान करवाएं।

विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि अंबाला शहर की पूर्व महापौर शक्ति रानी शर्मा के समय में भी भाजपा के पूर्व विधायक ने विकास के हर प्रयास में अड़चनें डालीं और अब वही रवैया वर्तमान महापौर शैलजा सचदेवा के कार्यकाल में भी दोहराया जा रहा है। “शहर के विकास कार्य उनके लिए जैसे आंख की किरकिरी बन चुके हैं,” विधायक ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक का एकमात्र एजेंडा दूसरों के कार्यों में ‘रोड अटकाना’ है।

विधायक ने आरोप लगाया कि शहर में करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट शुरू हुए, किंतु भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण वे अधर में लटके हुए हैं। सुपर सकर मशीन का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि वह मशीन अंबाला की बजाय यमुनानगर भेज दी गई थी, जबकि शहर जलमग्न होता रहा। उन्होंने इस मुद्दे को उठाया और अब मशीन को वापिस बुला लिया गया है।

चौधरी निर्मल सिंह ने स्पष्ट किया कि विधानसभा में उन्होंने ड्रेनेज निर्माण हेतु जो राशि की मांग की थी, वह स्वीकृत हुई है और निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। आईएमटी परियोजना पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री से त्वरित कार्यवाही की मांग की, जिसे उन्होंने स्वीकारते हुए शीघ्र निर्माण आरंभ करने का आश्वासन दिया है।

राजनीतिक चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए निर्मल सिंह ने कहा कि गृहमंत्री पद किसे देना है, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और इस विषय पर वह कोई वक्तव्य नहीं देना चाहते। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की टिप्पणी पर उन्होंने कहा, “किस विभाग को कौन संभाले, यह निर्णय सरकार का होता है, विपक्ष का नहीं।”

हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज से उनकी मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा, “यह एक इंसानी रिश्ता है, कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं। जब मैंने मोहाली में ऑपरेशन कराया तब अनिल विज मुझसे मिलने हॉस्पिटल आये अब उनके चोट लगी तो मैं पूछने चला गया क्या हुआ फिर। हमने एक-दूसरे के पिताओं को कत्ल तो नहीं किया जो मिल नही सकते यू तो मुख्यमंत्री हरियाणा भी विधानसभा में मुझसे गले लगकर मिले थे।

चौधरी निर्मल सिंह ने स्पष्ट किया कि वह अंबाला शहर के जनप्रतिनिधि हैं और शहर के हित में मुख्यमंत्री, मंत्री या किसी भी अधिकारी से मिलना उनका कर्तव्य है। “जनता ने मुझे सेवा के लिए चुना है, किसी दल विशेष से नफ़रत के लिए नहीं,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि शहर का कोई भी नागरिक, चाहे किसी भी विचारधारा किसी भी पार्टी से हो, उसकी समस्या को सुनकर वे समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में पार्षद,पूर्व पार्षद,वरिष्ठ कांग्रेसजन और नागरिकों ने भाग लिया। सभी की समस्याएं विधायक ने गंभीरता से सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के पश्चात विधायक चौधरी निर्मल सिंह को ब्रह्मा कुमारी आश्रम कांचघर, अंबाला शहर से पधारी बी.के. शिवानी दीदी ने रक्षा सूत्र बांधा। दीदी ने विधायक के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निर्विघ्न जनसेवा की कामना करते हुए रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं विधायक ने भी कहा की मेरी बहनों को जहाँ भी मेरी जरूरत होगी मे आधी रात को भी उनको खड़ा मिलूँगा।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button