Haryana
Trending

नशा मुक्त हरियाणा की ओर एक कदम और: पलवल पुलिस का जागरूकता अभियान जारी II

नशा मुक्त हरियाणा की ओर एक कदम और: पलवल पुलिस का जागरूकता अभियान जारी II

नशा एक बीमारी अनेक, इसके दुष्प्रभावों को पहचानें संदेश के साथ एसपी पलवल वरुण सिंगला पहुंचे गांव कोट:-

पलवल-(निकुंज गर्ग):- डीजीपी हरियाणा शत्रुजीत कपूर आईपीएस के मार्गदर्शन में हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की मुहिम में पलवल पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है, इसके लिए नशा तस्करों को जेल भेजना हो या नशा पीड़ितों को इलाज उपलब्ध कराना हो, पलवल पुलिस इस कार्य को अपना प्रथम लक्ष्य मानकर पूरी लगन और मेहनत से कर रही है । साथ ही हर गांव/ वार्ड, गली-मोहल्ले, स्कूल-कॉलेज, व खेल स्टेडियम में जाकर युवाओं को शिक्षा एवं खेल के लाभ व नशे के गंभीर परिणामों बारे अवगत करवा रही है। इसी अभियान में एक और अध्याय जोड़ते हुए पुलिस अधीक्षक पलवल वरुण सिंगला आईपीएस गांव कोट के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और युवाओं तथा ग्रामीणो का मनोबल बढ़ाया और युवाओं को नशे जैसे बीमारी से तौबा करने व शिक्षा तथा खेलों के माध्यम से अपने माता पिता व अपने गांव,शहर व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

एसपी पलवल का कड़ा एवं स्पष्ट संदेश- नशा तस्करों की खैर नहीं, उनकी असली जगह जेल की सलाखें:-

इस अवसर पर उनके साथ उप पुलिस अधीक्षक हथीन मोहिन्दर सिंह,नशा मुक्ति टीम पलवल प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह, ऐंटी नारकोटिक्स सेल पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार, थाना बहीन निरीक्षक यसवीर सिंह, हथीन थाना प्रभारी निरीक्षक हरिकिशन, उटावड थाना प्रभारी निरीक्षक रेणु व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ गांव कोट के साथ-साथ आस पास गांव के गणमान्य व्यक्ति व स्कूल स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने युवाओं का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि अकेला नशा कई बीमारियों को आमंत्रित करता है, इसलिए यह अति आवश्यक है कि युवा इसके दुष्प्रभावों को पहचाने व इस गर्त से जितना हो सके उतना दूर रहें व इस संदेश को अपने परिवार व समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने युवाओं से कहा कि युवा नशे को त्याग कर जीवन में एक लक्ष्य को निर्धारित करें व उसे पूरा करने में जी जान से मेहनत करें।

हरियाणा को नशा मुक्त बनाने में पलवल पुलिस की अहम भूमिका:-

उन्होने बताया कि गलत संगत में पड़कर नौजवान बच्चे शौक शौक में नशे की बुरी लत को पाल लेते हैं। अकेला नशा बाद में नशे की पूर्ति के लिए अन्य अपराधों का जन्म ले लेता है जिसमें नौजवान चोरी, स्नैचिंग, लूट तथा अवैध हथियार के साथ वारदातों को अंजाम देते हैं जिसके कारण उनकी हंसती खेलती जिंदगी बर्बाद हो जाती है। जिसके कारण युवा इस दलदल में फंसते ही चले जाते हैं। ऐसे समय में युवाओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी प्रकार की समस्या नजर आने पर आराम से बात कर उन्हें इस दलदल में से निकलने में सहायता करें व उनका मार्गदर्शन करें और बुरी संगति से दूर रहने की सलाह दें।

क्योंकि हमें नशे से शुरुआत में ही लड़ना होगा जिससे कि:-

हम अपनी स्वास्थ्य व धन के साथ अपने परिवार की खुशियों को बचा सके। उन्होंने कहा कि अगर उनके क्षेत्र में कोई नशा तस्करी, नशा बेचने संबंध में कार्य करता है तो इसकी सूचना हेल्पलाइन न. 1933 पर दें। साथ ही अपने नजदीकी थाना या चौकी मे अपनी शिकायत दर्ज कराएं। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामीण एवं युवाओं ने पुलिस प्रशासन का नशे को समाज से दूर करने की इस मुहिम में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया । अंत में नशा मुक्ति टीम पलवल प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने नशे के खिलाफ शपथ दिलाई।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button