भागल गांव में एवीटी टीम को मिला सम्मान II
भागल गांव में एवीटी टीम को मिला सम्मान II


कैथल-(शैंकी जिंदल):- जिले में एंटी व्हीकल स्टाफ (एवीटी) टीम ने अपनी कार्यकुशलता और त्वरित कार्रवाई से पुलिस का मान बढ़ा दिया है। गांव भागल में हुए चोरी के एक मामले में एवीटी टीम ने न केवल छह आरोपितों को पकड़ लिया, बल्कि चोरी हुआ सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी भी 100 प्रतिशत रिकवर कर लिया। पुलिस की इस उपलब्धि पर गांव भागल के ग्रामीणों ने एवीटी टीम को सम्मानित कर आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे मामलों से लोगों की पुलिस के प्रति धारणा बदलनी चाहिए और समाज को पुलिस का सहयोग करना चाहिए। यह मामला एक मई 2025 का है, जब गांव भागल निवासी लाल सिंह के घर से चोर सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी चुराकर ले गए थे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की:-
एसपी ने तुरंत इस केस की जांच का जिम्मा एवीटी टीम इंचार्ज एसआई प्रदीप कुमार को सौंप दिया। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 14 मई को ही लाखन माजरा इंद्रगढ़ निवासी सुनील और पिहोवा निवासी बलविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। लगातार जांच में टीम ने अब तक छह आरोपितों को पकड़ लिया है और चोरी गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। इस बड़ी सफलता के बाद ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एवीटी स्टाफ में पहुंचा। वहां डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश के नेतृत्व में एसआई प्रदीप कुमार, एसआई शुभकरण, एसआई जयभगवान, एएसआई मनोज, जसमेर, अशोक, एचसी लखविंद्र, सुनील, कांस्टेबल कैलाश, महिला एचसी सुदेश, साइबर सेल कर्मचारी अनिल, ईएचसी संदीप, सुभाष, होमगार्ड मनोज, विकास, सतीश, एसपीओ राजेश और अमित सहित पूरी टीम को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन रामेश्वर दास, मकान मालिक लाल सिंह, रामदिया नंबरदार, किसान नेता पाला राम, दरबारा पूनिया, रामकुमार मास्टर, सत्यवान, पूर्व सरपंच नर सिंह और धनपत पूनिया मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि चोरी हुआ सामान वापस मिलेगा, लेकिन एवीटी टीम ने उनकी सोच बदल दी।
उन्होंने कहा कि:-
पुलिस के कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं, इसलिए लोगों को पुलिस पर विश्वास करना चाहिए और उनका हौसला बढ़ाना चाहिए। गौरतलब है कि एवीटी टीम पहले भी कई बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा कर चुकी है और लगातार अपराधियों पर नकेल कस रही है। इस उपलब्धि पर एसपी ने भी टीम को बधाई दी और ग्रामीणों द्वारा पुलिस का सम्मान करने पर खुशी जाहिर की। एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस का तालमेल बेहतर होगा तो अपराध पर लगाम लगाना और आसान हो जाएगा। इस तरह एवीटी टीम की मेहनत ने न केवल ग्रामीणों को उनका कीमती सामान लौटाया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की नई मिसाल भी कायम की है।। #newstodayhry @newstodayhry



