सरकारी स्कूलों को बंद करने पर तुली भाजपा सरकार II
सरकारी स्कूलों को बंद करने पर तुली भाजपा सरकार II

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- आप नेत्री सरोज मानव ने एक प्रेस बयान में कहा कि हरियाणा में सरकार लगभग 5000 स्कूलों को बंद करना चाहती है और इसमें भाजपा सरकार कामयाब भी होती हुई नजर आ रही है। जारी बयान में सरोज मानव ने कहा कि राजस्थान के झालावाड़ में सरकारी स्कूल की छत गिरने से नन्हें बच्चों की मौत और चीखने-चिल्लाने की गूंज से पूरे देश में डर का माहौल बना दिया है। इसी माहौल के चलते उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली और जनता से स्कूलों के बारे में जानने की कोशिश की। तब मेरे पास लोगों के फोन और मैसेज आए कि हमारे गांवों के स्कूलों में यह समस्या है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कई स्कूलों में विजिट किया और पाया कि कई स्कूलों की बिल्डिंग के हालात खस्ता हैं, छतें टपक रही हैं, बाथरूम-टॉयलेट की जर्जर हालत, पीने के पानी की कमी, स्टाफ की कमी सामने आई। जब गांव के लोगों से और पेरेंट्स से और बच्चों से बात हुई तो उन्होंने कहा कि डर लगता है कि पता नहीं कौन सी छत का कोई टुकड़ा सर पर आकर गिर जाए। पैरेंट्स ने कहा कि आजकल एक या दो-दो बच्चे हैं। इसलिए आर्थिक तंगी के बावजूद भी बच्चों को प्राइवेट स्कूल में भेजने के लिए मजबूर हैं। स्कूलों की विजिट करते वक्त जब वे डबवाली के चौहान नगर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में पहुंचे तो हैरान और परेशान कर देने वाली बात पता चली। स्कूल के हालात देखने के बाद चौहान नगर के लोगों से बातचीत के दौरान पता चला की स्कूल की शुरुआत अप्रैल 1983 में हुई थी। पहले यह स्कूल बाजीगर धर्मशाला में था I
2017 में हुई तेज बारिश के कारण धर्मशाला में ज्यादा पानी भर गया और स्कूल को सिरसा रोड पर स्थित गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में शिफ्ट किया गया। 8 साल से ज्यादा समय हो गया स्टेडियम के दो कमरों में ही स्कूल चल रहा है, जिसमें चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चे बैठते हैं। पहली, दूसरी, तीसरी कक्षा के बच्चों को गर्मी हो या सर्दी पेड़ों के नीचे जमीन पर बैठकर पढऩा पड़ता है। वहीं एक और भी डबवाली शहर का ही चार नंबर सरकारी स्कूल, जो कि डबवाली के बूस्टिंग स्टेशन के एक कमरे में चल रहा है। मानव ने कहा कि आजादी के इतने सालों बाद भी देश में शिक्षा व्यवस्था का इतना बुरा हाल है। सरकारें तो बनी किसी ने हरियाणा को शिक्षा हब बनाने की बात की, तो किसी ने शिक्षा व्यवस्था को और बढिय़ा बनाने की बात की, लेकिन हकीकत और जमीनी हकीकत डबवाली शहर के ये स्कूल बयां कर रहे हैं। सरोज मानव ने कहा कि सरकार और प्रशासन अगर चाहे तो क्या नहीं हो सकता? मौजूदा भाजपा जिसकी केन्द्र और हरियाणा में भी डबल इंजन की सरकार है, यही भाजपा अपने लगभग 672 जिला भाजपा कार्यालयों के निर्माण में अरबों रुपया खर्च कर सकती है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में सरकारी स्कूलों के भवनों पर खर्च करना इनके गले से क्यों नहीं उतर रहा। उन्होंने कहा कि समय रहते जनता की तरफ सरकार ध्यान देना शुरू करे, नहीं तो जनता तो सब ध्यान से देख ही रही है। समय आने पर जनता अपने आप हिसाब कर देगी।। #newstodayhry @newstodayhry



