Haryana
Trending

भिवानी में आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम II

भिवानी में आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम II

भिवानी-(अभिषेक ठाकुर):- सेवा भारती और स्वदेशी जागरण मंच भिवानी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय भगत सिंह चौक स्थित स्व. लाला गंगाराम भोडूका स्मृति भवन में स्वावलंबन कंप्यूटर केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को कौशल युक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। आयोजन में हवन पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अतिथियों ने केंद्र के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के पुत्र मोहित चौधरी ने शिरकत की तथा विशिष्ट अतिथि के तौर उद्योगपति एवं समाजसेवी अरूण कुमार भोडूका, उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार गुप्ता, स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक डा. अंकेश्वर प्रकाश पहुंचे। इस मौके पर बतौर मुख्य वक्ता स्वदेशी जागरण मंच के उत्तर क्षेत्र सह संयोजक सत्येंद्र सोरोत पहुंचे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक घनश्याम सर्राफ ने की। कार्यक्रम में सान्निध्य जहरगिरी आश्रम के महंत डा. अशोक गिरी महाराज का रहा। कार्यक्रम में मंच का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक अमित बंसल मुंढ़ालिया ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत हवन व पूजन से हुई। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथिगण ने केंद्र के लक्ष्यों की सराहना करते हुए समाज में शिक्षा और कौशल विकास की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य वक्ता सत्येंद्र सोगेत उत्तर क्षेत्र सह संयोजक स्वदेशी जागरण मंच ने स्वदेशी भावना पर बल देते हुए कहा कि स्वदेशी जागरण मंच का मूल मंत्र ही आत्मनिर्भरता है। कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में स्वदेशी सॉफ्टवेयर और उपकरणों का प्रयोग बढ़ाना होगा। यह केंद्र हमारे युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें केवल नौकरी चाहने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाएगा। इस अवसर पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि इस केंद्र का नाम स्व. लाला गंगाराम जी भोडूका के नाम पर होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। हमें अपनी युवा शक्ति को सही दिशा देनी है। स्वावलंबन केवल व्यक्तिगत उत्थान नहीं, बल्कि स्वदेशी जागरण का भी आधार है। हम सभी को इस केंद्र के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए। सांसद धर्मवीर सिंह के पुत्र मोहित चौधरी ने कहा कि सेवा भारती और स्वदेशी जागरण मंच का यह प्रयास सराहनीय है। आज के युग में कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी कौशल ही युवाओं को रोजगार दिला सकता है। सरकार के प्रयासों के साथ-साथ ऐसे सामाजिक संगठन जब आगे आते है तो राष्ट्र निर्माण की गति तेज होती है। यह स्वावलंबन कंप्यूटर केंद्र भिवानी के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। विशिष्ट अतिथि उद्योगपति व समाजसेवी अरूण कुमार भोडूका ने कहा कि विभाग संचालन सत्यनारायण मित्तल की प्रेरणा से इस केंद्र की स्थापना की गई। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा आज समय की मांग है। भिवानी में यह केंद्र युवाओं को डिजिटल इंडिया के साथ जोडऩे का बेहतरीन मंच है। प्रशासन इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यों में हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है तथा उनको स्वरोजगार के लिए तकनीकी शिक्षा देना बहुत जरूरी है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें तथा उन्हे यह शिक्षा इस केंद्र के माध्यम से दी जाएगी।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button