निजी होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल संचालक पुलिस गिरफ्त में ।।
निजी होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल संचालक पुलिस गिरफ्त में ।।

सिरसा -(अक्षित कम्बोज):-पुलिस ने अवैध रूप से चलाए जा रहे देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी होटल में चल रहे अनैतिक गतिविधियों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मामले में होटल संचालक को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की जांच तेज कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 14 मई 2026 को दो पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिरसा पहुंचकर एसपी साहब को शिकायत दी थी। महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे सिरसा की ऑटो मार्केट के नजदीक रेलवे लाइन क्षेत्र स्थित “ब्लू बेरी” नामक होटल में पिछले चार-पांच महीनों से सफाई का कार्य कर रही थीं। इस दौरान होटल संचालक प्रिंस तथा उसकी पत्नी ने उन्हें बंधक बनाकर होटल में आने वाले ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं, मामले में एक महिला यूट्यूबर द्वारा भी उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। महिलाओं के अनुसार उक्त महिला उन्हें पुलिस के पास न जाने की धमकी देते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाने की बात कह रही थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साहब ने महिला थाना प्रभारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने होटल संचालक सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला थाना प्रभारी एवं उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंस पुत्र राजेश कुमार निवासी रानियां रोड, नजदीक पुरानी भाखड़ा कॉटन मिल, हाल फ्रेंड्स कॉलोनी सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सिरसा पुलिस का कहना है कि इस अवैध धंधे में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।। #newstodayhhry @newstodayhry