PUNJAB
Trending

डबवाली पुलिस की सतर्क कार्यवाही, 6.300 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी काबू।।

डबवाली पुलिस की सतर्क कार्यवाही, 6.300 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी काबू।।

डबवाली-(पंकज गोदारा):- पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औढ़ा पुलिस ने गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान एक युवक को 6 ग्राम 300 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू कर नशा तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना औढ़ा में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन में गांव औढ़ा से गांव पन्नीवाला मोटा की ओर गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बस अड्डा गांव रोहिड़ांवाली के निकट एक युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा तथा अपने हाथ में पकड़ी हुई वस्तु खेतों की ओर फेंककर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय उर्फ पवन बताया। आरोपी द्वारा फेंकी गई मोमी पन्नी को नियमानुसार कब्जे में लेकर जांच की गई, जिसमें 6 ग्राम 300 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जा पुलिस में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी अभय उर्फ पवन ने खुलासा किया कि उसने बरामद हेरोइन मंजीत उर्फ निक्का से खरीदी थी। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर आरोपी मंजीत उर्फ निक्का को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मामले में नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। डबवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करी की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी भी व्यक्ति को नशा तस्करी अथवा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री संबंधी कोई सूचना प्राप्त होती है तो वह मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस मोबाइल नंबर 9138999748, डायल-112 अथवा अपने नजदीकी थाना/चौकी में तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button