फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में बीकेई ने सिरसा में फूंका प्रधानमंत्री का पुतला।।
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में बीकेई ने सिरसा में फूंका प्रधानमंत्री का पुतला।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान एकता (बीकेई) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आगमन के विरोध में सिरसा में प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व बीकेई के मुख्य वक्ता गुरप्रीत सिंह संधू मोरीवाला ने किया। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह संधू ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका सहित कई देशों के साथ किए जा रहे अथवा प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन तथा कृषि आधारित सभी व्यवसायों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और कृषि विशेषज्ञों के लगातार विरोध के बावजूद सरकार इन समझौतों को आगे बढ़ा रही है, जिससे देश का कृषि क्षेत्र गंभीर संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों का शुल्क मुक्त आयात बढ़ता है तो भारतीय किसानों की फसलों को उचित मूल्य मिलना और अधिक कठिन हो जाएगा तथा कृषि पर आधारित लाखों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। बीकेई का कहना है कि सरकार को ऐसे किसी भी समझौते से पहले किसान संगठनों, कृषि विशेषज्ञों और सभी हितधारकों से व्यापक विचार-विमर्श करना चाहिए। बीकेई नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आगमन के अवसर पर पुतला दहन कर किसानों की नाराजगी और विरोध दर्ज कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसान विरोधी नीतियां और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को पूरे हरियाणा और देशभर में और अधिक व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान हितों की रक्षा की मांग की। इस अवसर पर गुरजीत सिंह मान, राजू फूलकां, अमरीक सिंह बाजवा, त्रिलोक सिंह, राज कंबोज, गुरविंदर सिंह, परविंदर सिंह, बलदेव सिंह भट्टी, शरणजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह सुचान, बलदेव सिंह संधू, साहब सिंह भट्टी, संतोख सिंह महंत, बलजिंदर झंड, बाबा तारा सिंह, जसमेर भट्टी, इंदरजीत खारा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर उपस्थित रहे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




