स्वर्णकारों व व्यापारियों के लिए डिजीटल सुरक्षा कवच है अभेद्य एप्प: संतोष कुमार।।
स्वर्णकारों व व्यापारियों के लिए डिजीटल सुरक्षा कवच है अभेद्य एप्प: संतोष कुमार।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- हरियाणा पुलिस की ओर से तैयार किए गए अभेद्य एप्प के प्रति जागरूकता के लिए सोनी धर्मशाला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्णकार संघ के जिला प्रधान राजकुमार भूण ने की। सर्वप्रथम थाना प्रभारी का धर्मशाला में पहुंचने पर हरियाणा स्वर्णकार संघ के महेंद्र सोनी राष्टÑीय कार्यकारिणी सदस्य, मुख्य सलाहकार व सिरसा प्रभारी सुखविंद्र सोनी, युवा महामंत्री राजेश सोनी ने पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में पहुंचे नवनियुक्त शहर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराधियों, डिजिटल अरेस्ट और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों पर लगाम लगाने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिसे ‘अभेद्य’ नाम दिया गया है। इस पहल के तहत पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और विशेष रूप से स्वर्णकारों (ज्वैलर्स) को जागरूक किया जा रहा है, ताकि उन्हें धमकी भरे कॉल्स और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाया जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि ‘अभेद्य’ मोबाइल ऐप व्यापारियों, ज्वैलर्स और आम नागरिकों को रंगदारी कॉल, धमकी भरे संदेशों और डिजिटल उत्पीड़न से बचाने के लिए एक डिजिटल सुरक्षा कवच है। उन्होंने बताया कि यह ऐप अज्ञात, अंतर्राष्ट्रीय, वर्चुअल और मोबाइल में सेव न किए गए संदिग्ध नंबरों को पहचानकर अपने आप ब्लॉक कर देता है। इसके साथ-साथ यह संदिग्ध चैट, धमकी भरे मैसेज, वॉयस नोट्स और नोटिफिकेशन्स को यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही डिलीट कर देता है। थाना प्रभारी ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट और आॅनलाइन ठगी को रोकने के लिए इसमें डबल ओटीपी सुरक्षा जोड़ी गई है, जिससे बुजुर्गों और नागरिकों के वित्तीय लेनदेन पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। यही नहीं विदेशी या वर्चुअल नंबर ब्लॉक होने के कारण अपराधियों को स्थानीय नंबरों का उपयोग करना पड़ता है, जिससे पुलिस उन्हें आसानी से ट्रैक कर लेती है। यह देश का पहला ऐसा सुरक्षा ऐप है, जिसे हरियाणा पुलिस ने अपनी खुद की इन-हाउस तकनीक से तैयार किया है। उन्होंने सभी व्यापारियों व स्वर्णकारों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक इस एप्प को डाउनलोड करें, ताकि किसी भी फ्रॉड व अन्य परेशानियों से बचा जा सके। इस मौके पर पूर्व प्रधान सोनी धर्मशाला सतपाल सूर्या, दुर्गा मंदिर के प्रधान सुरजीत सोनी, तहसील प्रधान संतपाल सोनी, शीशन सोनी, मदनलाल सोनी, सुभाष सोनी, बंसीलाल सोनी, संजय सोनी, सुरेश सोनी, संतोश नरूला, राजेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, शंकर भूण, रामप्रताप सोनी, सुंदर सोनी सहित अन्य स्वर्णकार समाज के गणमान्यजन उपस्थित थे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




