Haryana
Trending

डबवाली में रक्तदान महादान का संदेश, शिविर में जुटी 50 यूनिट रक्त की सेवा ll

डबवाली में रक्तदान महादान का संदेश, शिविर में जुटी 50 यूनिट रक्त की सेवा ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-थाना सदर क्षेत्र के गांव झूट्टी खेड़ा में ग्राम पंचायत के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की । इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया ।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा दी जाए तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस एक ओर नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास से जोड़ने के लिए भी प्रयासरत है ।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा उन्हें गलत संगति से दूर रखने की अपील की। साथ ही युवाओं से यह संकल्प लेने का आह्वान किया की वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, दूसरों को भी जागरूक करेंगे तथा रक्तदान, खेल और समाजसेवा जैसी सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर नशा मुक्त, अपराध मुक्त एवं सुरक्षित डबवाली के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की तथा आयोजनकर्ताओं द्वारा किए गए सामाजिक कार्य की प्रशंसा की । इस दौरान कुल 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया । कार्यक्रम में गांव झूट्टी खेड़ा के सरपंच देवीलाल, रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा, चिकित्सक, अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डबवाली पुलिस की अपील है कि यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसका तिरस्कार करने के बजाय उसे उपचार एवं सही मार्गदर्शन के लिए प्रेरित करें। वहीं, यदि कहीं नशा तस्करी या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो.न. 9138999748 या नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी । @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button