नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान जारी — 14 नशा पीड़ितों को उपचार के लिए दिलवाई ll
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान जारी — 14 नशा पीड़ितों को उपचार के लिए दिलवाई ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, IPS के सफल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा थाना सदर एवं थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव पीरावाली, टोकस व पातन में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया गया। नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने गांव पीरावाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करीब 190 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई एवं खेलों में ध्यान केंद्रित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला अपराध एवं यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया तथा नशे के खिलाफ शपथ दिलवाई गई।इस अवसर पर विद्यालय की टीजीटी अध्यापिका श्रीमती अंजलि, श्रीमती सनेश, श्रीमती टीना, श्रीमती नितिशा, डीपीडी अध्यापिका श्रीमती प्रमिला सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
गांवों में पहुंचकर नशा पीड़ितों व उनके परिजनों से किया संवाद-नशा मुक्ति टीम ने गांवों में सरपंच एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर नशे की समस्या के संबंध में जानकारी ली। टीम ने नशा पीड़ितों एवं उनके परिवारजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें उपचार लेने तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों से नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी ली गई तथा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया गया।
14 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई दिलवाई-नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों को केवल जागरूक ही नहीं किया जा रहा, बल्कि उन्हें उपचार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान कुल 14 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ आवश्यक जांच एवं काउंसलिंग करवाई गई।इनमें 2 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार दवाई दिलवाई गई, जबकि 5 नशा पीड़ितों को दूसरी बार उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई गई। इसके अतिरिक्त गांव पातन, गांव पीरावाली एवं हिसार क्षेत्र के 7 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई दिलवाई गई।नशा मुक्ति टीम के प्रयासों से प्रेरित होकर 2 नशा पीड़ित उपचार के लिए नागरिक अस्पताल हिसार में दाखिल भी हुए, जो नशा छोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
ग्रामीणों से नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील – पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, IPS ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पुलिस, प्रशासन, परिवार और समाज के सामूहिक प्रयास से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है।उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे अपराधी समझकर दूर करने के बजाय उसे उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। वहीं, नशे की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के बारे में पुलिस को सूचना दें, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।@newstodayhry #newstodayhry
हिसार पुलिस का संकल्प — नशे के खिलाफ जागरूकता भी, कार्रवाई भी और नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने का प्रयास भी।




