तीन नए कानूनों को लेकर डबवाली पुलिस ने ली शपथ ll
तीन नए कानूनों को लेकर डबवाली पुलिस ने ली शपथ ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रति पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करने तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के निर्देशानुसार आज पुलिस लाइन डबवाली में आयोजित जनरल परेड के दौरान शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय न्याय संहिता व भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों की भावना के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इसी क्रम में सभी थाना एवं चौकी स्तर पर भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिसकर्मियों का इनके प्रावधानों से परिचित होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शपथ के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान और कानून के प्रति निष्ठा बनाए रखने, नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने तथा शिकायतों पर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने का संकल्प लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य आपराधिक न्याय व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है। पुलिस की जिम्मेदारी है कि कानून के प्रावधानों को सही ढंग से समझकर उनका जमीनी स्तर पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस आमजन को निष्पक्ष एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने और कानून के प्रति लोगों के विश्वास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।@newstodayhry #newstodayhry




