Haryana
Trending

राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित ll

राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर पंचकूला के सेक्टर-1 में आयोजित भव्य राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में हरियाणा के उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में हरियाणा के महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम घोष, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल धांडा ने वर्ष 2025 के सर्वश्रेष्ठ अध्यापकों को सम्मानित किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सिरसा के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्प के PGT अंग्रेजी श्री नरेश कुमार ग्रोवर को उनके शिक्षा, सामाजिक सेवा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालयी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री नरेश कुमार ग्रोवर ने शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 34 वर्षों की सेवाएं दी हैं, जिनमें लगभग 12 वर्ष निजी विद्यालयों तथा 22 वर्ष राजकीय विद्यालयों में शिक्षा सेवा शामिल है। वे अंग्रेजी विषय के अध्यापक होने के साथ-साथ विद्यालय की अंग्रेजी लैब से संबंधित शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विद्यार्थियों में भाषा कौशल, आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं। राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल श्री ग्रोवर के लिए बल्कि सिरसा जिले और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बप्प के लिए भी गौरव का विषय है। पुरस्कार प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुभाष पटेला ने श्री नरेश कुमार ग्रोवर को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि श्री ग्रोवर की उपलब्धि से सिरसा जिले के अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी। खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुलदीप कौर ने बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तर पर शिक्षक सम्मान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने श्री ग्रोवर के विद्यार्थियों एवं शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की और कहा कि उनके कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक हैं। विद्यालय की प्रभारी श्रीमती सविता दुग्गल ने कहा कि श्री ग्रोवर का सम्मान विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने उनके निरंतर परिश्रम, विद्यार्थियों के प्रति सकारात्मक सोच और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में योगदान की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीष कुमार मेहता ने भी श्री नरेश कुमार ग्रोवर को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि श्री ग्रोवर ने अपनी कार्यनिष्ठा, अनुभव और समर्पण से विद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भी श्री नरेश कुमार ग्रोवर को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button