आमजन बने पुलिस के सहयोगी: हिसार पुलिस ने जारी किए दो विशेष नंबर
आमजन बने पुलिस के सहयोगी: हिसार पुलिस ने जारी किए दो विशेष नंबर
हिसार:- (अमित कुमार ) अपराध एवं नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलेवासियों के लिए दो विशेष मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर नागरिक अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियार, चोरी, जुआ-सट्टा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, संदिग्ध गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी सूचना को सीधे हिसार पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।मासिक मीडिया बैठक के दौरान पत्रकारों द्वारा आमजन की सुविधा के लिए विशेष सूचना नंबर जारी करने का सुझाव दिया गया था। जनहित में इस सुझाव को स्वीकार करते हुए एसपी हिसार द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम के दो विशेष मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।
24 घंटे उपलब्ध रहेंगे विशेष सूचना नंबर
📱 88140-12342
📱 88140-57100
इन दोनों नंबरों पर 24 घंटे कॉल एवं WhatsApp के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। आमजन इन नंबरों पर फोटो, वीडियो, लोकेशन अथवा अन्य संबंधित जानकारी भी भेज सकते हैं। प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना, चौकी अथवा पुलिस शाखा को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं का रिकॉर्ड रखा जाएगा तथा सूचना की प्रकृति के अनुसार उसका सत्यापन एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।आपकी एक सूचना रोक सकती है बड़ी वारदात एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि अपराध एवं नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। कई बार किसी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के बारे में स्थानीय लोगों को जानकारी होती है, लेकिन पुलिस तक सूचना नहीं पहुंच पाती। ऐसे में नागरिक बिना किसी डर या संकोच के पुलिस को सूचना दें।उन्होंने कहा कि समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना किसी बड़ी आपराधिक वारदात को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है और इसके लिए हिसार पुलिस हर सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई करेगी।हिसार पुलिस की अपील अपराध देखें तो चुप न रहें—पुलिस को सूचना दें।
नशा बिकता दिखे तो आवाज उठाएं।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत बताएं।
“आपकी सूचना अपराध के खिलाफ पुलिस की ताकत है—आपकी पहचान रहेगी सुरक्षित।”



