#haryanagorvment
Trending

धान की बोरियों को लेकर प्रशासन सख्त, मौके पर करवाया उठान

धान की बोरियों को लेकर प्रशासन सख्त, मौके पर करवाया उठान

रानियां / सिरसा :- (अक्षित कम्बोज )मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी होने और अचानक मौसम का मिजाज बदलने से रानियां अनाज मंडी में धान को भीगने से बचाने के लिए मार्केट कमेटी प्रशासन सतर्क हो गया है। मंडी में खुले में पड़ी धान की फसल को सुरक्षित रखने और बकाया उठान में तेजी लाने के लिए अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई है। शनिवार को मार्केट कमेटी के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन तथा मंडी सुपरवाइजर ज्योति रानी ने अनाज मंडी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निचले स्थानों पर पड़ी धान की ढेरियों को ऊंचे स्थानों पर लगवाने के निर्देश दिए तथा निचले इलाकों में रखी धान से भरी बोरियों का मौके पर पहुंचकर उठान करवाया। साथ ही आढ़तियों को धान की सुरक्षा के लिए तिरपाल, पॉलिथीन और क्रेट की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। रानियां अनाज मंडी में अब तक 1,00,633 क्विंटल परमल धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 98,135 क्विंटल धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है। परमल धान की सरकारी खरीद का केवल एक दिन शेष रह गया है, जबकि हैफेड की ओर से खरीदे गए 12,503 क्विंटल धान का उठान अभी बाकी है। पिछले करीब एक सप्ताह से परमल धान की आवक कम हुई है, लेकिन उठान की गति बेहद धीमी बनी हुई है। इसके चलते किसानों का भुगतान भी अटका हुआ है। मार्केट कमेटी सचिव ने हैफेड के अधिकारियों को बकाया धान का जल्द उठान करवाने के निर्देश दिए। दूसरी ओर 1509,1692,1401,पीबी-1 सहित अन्य बारीक धान की आवक ने मंडी में तेजी पकड़ रखी है। अब तक 4,06,708 क्विंटल बारीक धान मंडी में पहुंच चुका है। पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन 20 से 25 हजार क्विंटल धान की आवक हो रही है। निजी व्यापारियों द्वारा खरीदे जा रहे धान का उठान भी लगभग हाथों-हाथ हो रहा है, लेकिन भारी आवक के चलते इसके बावजूद हजारों बोरियां मंडी में पड़ी रह जाती हैं। मौसम खराब होने की आशंका के बीच मंडी प्रशासन के सामने धान को सुरक्षित रखने और सरकारी खरीद के बकाया उठान को जल्द पूरा करवाने की चुनौती बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button