तेज रफ्तार डंपर ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी।।
तेज रफ्तार डंपर ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी।।

करनाल-(संगीत राणा ):- तेज रफ्तार डंपर ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए, डंपर चालक भी घायल हुआ है। घायलों को करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। ईंटों की ट्राली पर बैठा था मृतक, टक्कर से नीचे गिरा हादसे में जिस व्यक्ति की मौत हुई, उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गंगोह (सहारनपुर) निवासी मंजूरा (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रोजाना यूपी से करनाल ईंट बेचने के लिए ट्रैक्टर लेकर आता था। मंगलवार सुबह भी वे ईंटों से भरी ट्राली लेकर करनाल आ रहे थे। ट्रैक्टर को उसका भतीजा मोहम्मद सोभान चला रहा था। ट्रैक्टर पर मंजूरा के साथ एक और व्यक्ति बैठा था। कुंजपुरा रोड पर आदर्श स्कूल के पास पीछे से आए डंपर ने ट्राली को टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर लगते ही ट्रैक्टर ट्राली का संतुलन बिगड़ गया और ईंटें सड़क पर बिखर गईं। ट्रैक्टर पर बैठे मंजूरा को गंभीर चोटें आईं और कुछ ही समय में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर चालक व दूसरे व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। मृतक मंजूरा के बेटे ने बताया कि वह खुद ड्राइवर है और घटना के समय लाडवा की ओर था। उसे जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि हादसा तेज रफ्तार डंपर की वजह से हुआ। डंपर ने पीछे से ट्राली को टक्कर मारी, जिससे ट्रैक्टर घूमकर पलट गया और उसके पिता ईंटों से गिरकर नीचे आ गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल के मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है।। #newstodayhry @newstodayhry



