Haryana
Trending

भिवानी-दादरी के किसानों के 350 करोड़ बीमा क्लेम पर रोक, धरना आंदोलन में उबाल II

भिवानी-दादरी के किसानों के 350 करोड़ बीमा क्लेम पर रोक, धरना आंदोलन में उबाल II


लोहारू-(अभिषेक ठाकुर):- भिवानी और चरखी दादरी जिलों के किसानों की 350 करोड़ रुपए की फसल बीमा क्लेम राशि को सैटेलाइट फोटो के आधार पर रोकना न केवल किसानों के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह एक गंभीर गैरकानूनी कृत्य भी है। यह बात जाट कॉलेज हिसार के पूर्व प्राचार्य व प्रखर चिंतक इंद्र सिंह लाखलान ने शुक्रवार को सिवानी उपमंडल मुख्यालय पर 17वें दिन जारी अनिश्चितकालीन धरने को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार व बीमा कंपनियां तकनीकी बहानों के माध्यम से किसानों के हक मार रही हैं, जबकि जमीनी हकीकत में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत हस्तक्षेप कर किसानों का बीमा क्लेम जारी करवाए। इस अवसर पर जाट भवन सिवानी समिति के सैकड़ों सदस्य प्रधान विद्याधर पिलानियां के नेतृत्व में धरनास्थल पहुंचे और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। प्रधान पिलानियां ने कहा कि किसानों की सभी मांगें पूरी तरह से जायज हैं और सरकार को इसे नजरअंदाज करने की गलती नहीं करनी चाहिए। धरना मंच का संचालन मा. जगरोशन, धर्मपाल बारवास व सुमेर सिंह गोठड़ा ने किया, जबकि मंच की संयुक्त अध्यक्षता संजय पोटिया व सतवीर सिंह फरटिया ने की। आज के धरने में भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने विशेष रूप से संबोधित करते हुए आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया। इसके अलावा कई किसान नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों की आवाज़ बुलंद की, जिनमें प्रमुख रूप से दयानंद पूनिया, कविता पातवान एडवोकेट, रामचंद्र फौजी, फूल कुमार सरपंच बिधवान, अशोक आर्य एडवोकेट, सोहनलाल कस्वां व नरेश पहाड़ी शामिल रहे। धरने पर जुटे किसानों ने एक स्वर में चेताया कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष और व्यापक रूप लेगा।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button