Haryana
Trending

युवा शक्ति का संदेश:-नशा छोड़ो, खेलों से जुड़ो ll

युवा शक्ति का संदेश:-नशा छोड़ो, खेलों से जुड़ो ll

डबवाली/सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-एक तरफ नशे के सौदागरों के खिलाफ डबवाली पुलिस का अभियान लगातार जारी है, तो दूसरी ओर पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेलों की ऊर्जा से जोड़ने के लिए गांव-गांव पहुंच रही है। इसी सकारात्मक सोच के साथ पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल निर्देशन में रविवार सायंकाल पुलिस चौकी देसूजोधा और पुलिस चौकी चौटाला की टीमों द्वारा गांवों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया।@newstodayhry #newstodayhry
मैदान में जैसे ही युवाओं ने कदम रखा, माहौल में जोश भर गया। खिलाड़ियों के पसीने की हर बूंद नशे के खिलाफ एक मजबूत संकल्प बनकर उभरी। कहीं खेल के मैदान में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे, तो कहीं ग्रामीण खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे थे। इन प्रतियोगिताओं ने साफ संदेश दिया कि डबवाली का युवा नशे के अंधेरे में नहीं, बल्कि खेलों के उजाले में अपना भविष्य तलाश रहा है।
पुलिस चौकी देसूजोधा की टीम द्वारा गांव देसूजोधा तथा पुलिस चौकी चौटाला की टीम द्वारा गांव चौटाला में करवाई गई खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया । प्रतियोगिताओं के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत नहीं बनाते, बल्कि युवाओं के भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और संघर्ष करने की क्षमता भी पैदा करते हैं।
पुलिस कर्मचारियों ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि “नशा नहीं… खेल चुनो।” अपनी उर्जा को नशे में दुरुपयोग करने के स्थान पर, उसी ऊर्जा को खेल के मैदान में लगाकर युवा अपने परिवार, गांव और पूरे समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी नशे की गिरफ्त से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
डबवाली पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की लड़ाई नहीं है। यह हर परिवार, हर गांव और हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है, वहीं युवाओं को खेलों, जागरूकता कार्यक्रमों और जन सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने का अभियान भी लगातार जारी है। डबवाली पुलिस का संकल्प स्पष्ट है—मैदानों में गूंजती युवाओं की आवाज नशे के खिलाफ जन आंदोलन की आधारशिला है । @newstodayhry #newstodayhry
डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि आपके आसपास नशा तस्करी अथवा नशीले पदार्थों के उपयोग या बिक्री संबंधी कोई सूचना हो, तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में बेझिझक दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button