नशा मुक्त हिसार अभियान जारी, गांव-गांव पहुंच रही पुलिस ll
नशा मुक्त हिसार अभियान जारी, गांव-गांव पहुंच रही पुलिस ll


हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हिसार” अभियान के तहत नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।इसी कड़ी में आज थाना अग्रोहा क्षेत्र के गांव खासामहाजन एवं ढाणी खासा में जागरूकता अभियान चलाया गया। नशा मुक्ति टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी एकत्रित की गई। टीम ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी और नशा मुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।अभियान के दौरान आज जिले में 02 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से 01 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अलावा 06 नशा पीड़ितों को पहली बार उनके घर जाकर आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा 06 अन्य नशा पीड़ितों को दूसरी बार नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से उपचार एवं दवाइयां दिलवाई गईं।
कुल 13 नशा पीड़ितों को घर-घर जाकर आयुर्वेदिक एवं सरकारी अस्पताल से एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही आवश्यक ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई। अभियान के सकारात्मक परिणाम स्वरूप एक नशा पीड़ित टीम की प्रेरणा से सरकारी अस्पताल हिसार के नशा मुक्ति केंद्र में उपचार के लिए भर्ती हुआ।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल पुलिस का नहीं बल्कि पूरे समाज का अभियान है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा बेचने या नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित करें, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। @newstodayhry #newstodayhry



