खेत से लोहे का सामान चोरी करने वाले 2 और आरोपी गिरफ्तार ll
खेत से लोहे का सामान चोरी करने वाले 2 और आरोपी गिरफ्तार ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अग्रोहा पुलिस ने खेत से लोहे का सामान चोरी करने के मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। मामले में चोरीशुदा सामान पहले ही बरामद किया जा चुका है।
थाना अग्रोहा प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह ने बताया कि इस मामले में पूर्व में विशाल पुत्र नसीब निवासी किरमारा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा 30 फुट लंबाई की 3 इंच की लोहे की पाइप, एक लोहे का बेंड तथा तीन लोहे की फ्लैंजी बरामद की जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान मामले में संलिप्त सुमेश पुत्र सतबीर उर्फ सता निवासी किरमारा, जिला हिसार तथा राजाराम पुत्र सुल्तान सिंह निवासी नंगथला, जिला हिसार की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर लिया। गौरतलब है कि 08 जुलाई 2026 को राजेश कुमार पुत्र साधु राम निवासी गांव किरमारा ने शिकायत दी थी कि 07 जुलाई को उसके खेत से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लोहे की पाइप, एक बेंड तथा तीन फ्लैंजी चोरी कर ली गई थीं। शिकायत के आधार पर थाना अग्रोहा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मामले में चोरीशुदा सामान पहले ही बरामद किया जा चुका है तथा अब वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं तथा इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध हिसार पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। @newstodayhry #newstodayhry




