राष्ट्रीय आयकर दिवस पर करदाताओं ने लिया संकल्प, ईमानदारी से कर भरेंगे:- स्वामी रमेश साहुवाला ll
राष्ट्रीय आयकर दिवस पर करदाताओं ने लिया संकल्प, ईमानदारी से कर भरेंगे:- स्वामी रमेश साहुवाला ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- लायन्स क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने कहा भारत सरकार का सबसे बड़ा खर्चा रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल, बिजली और गरीब कल्याण योजना पर होता हैं जो आयकर के माध्यम से केन्द्र सरकार को मिलता हैं इसलिए हमें अपना कर ईमानदारी से भरना चाहिए और देश निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए ताकि भारत एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की और तेजी से बढ़ सके। ये शब्द लायन्स क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने स्थानीय कोर्ट कालोनी में राष्ट्रीय आयकर दिवस पर आयकर दाताओं को संकल्प दिलाते हुए कहें। उन्होंने कहा कि इस दिन का उद्देश्य लोगो को कर के महत्त्व के बारे में जागरूक करना और देश के विकास में करदाताओं के योगदान का सम्मान करना हैं।
श्री साहुवाला ने कहा कि भारत में सर्वप्रथम आयकर 24 जुलाई 1860 को तत्कालीन वायसराय की परिषद के वित्त सदस्य सर जेम्स विल्सन द्वारा 1857 की क्रांति के बाद उत्पन्न वित्तीय घाटे को पूरा करने के लिए लगाया गया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात इस प्रणाली को और अधिक वैज्ञानिक एवं जनहितैषी बनाया गया तथा इसी ऐतिहासिक तिथि की स्मृति में वर्ष 2010 से प्रत्येक वर्ष 24 जुलाई को राष्ट्रीय आयकर दिवस मनाया जाता हैं। उन्होंने कहा कि 2026 में हम इस दिवस का 166वां वर्ष मना रहे हैं। इस वर्ष की केन्द्रीय थीम, करदाता राष्ट्र निर्माता रखी गई हैं।
इस अवसर पर सी.ए. रीतुन साहुवाला ने कहा कि टैक्स देना सिर्फ कानून नहीं, नैतिक जिम्मेदारी भी हैं। कई बार लोग टैक्स को बोझ समझते हैं लेकिन असल में यह देश के भविष्य में निवेश हैं तथा समय पर आयकर रिटर्न भरना, सही जानकारी देना और डिजिटल पेमेंट को अपनाना हम सभी का फर्ज हैं। उन्होंने कहा कि इस दिवस पर आइए हम संकल्प लें कि हम समय पर आयकर भरेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे क्योंकि एक मजबूत देश की नींव ईमानदार करदाताओं से ही बनती है जिससे एक मजबूत समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनता हैं। @newstodayhry #newstodayhry




