नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस का अभियान, 65 पीड़ितों को उपचार से जोड़ा ll
नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस का अभियान, 65 पीड़ितों को उपचार से जोड़ा ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है । इसी कड़ी में गांव गंगा के प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र में नशा मुक्ति कैंप आयोजित किया गया । कैंप में आसपास के 07 गांवों से पहुंचे कुल 65 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग करवाई गई तथा उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप में गांव मौजगढ़, जंडवाला बिश्नोइयां, कालुआना, अबूबशहर, मोडी, चौटाला तथा गंगा से 65 नशा पीड़ित शामिल हुए। इनमें 5 नए नशा पीड़ित भी शामिल रहे, जिन्हें उपचार प्रक्रिया से जोड़ा गया । इस दौरान नागरिक अस्पताल डबवाली के एएसएमओ डॉक्टर हरसिमरन सिंह ने नशा पीड़ितों की काउंसलिंग कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया तथा उपचार के तहत दवाइयां उपलब्ध करवाईं। उन्हें नियमित उपचार लेने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।कैंप के दौरान ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंध और बच्चों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ग्रामीणों से नशा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।डबवाली पुलिस द्वारा गांव स्तर पर गठित नशा मुक्ति कमेटियों को अभियान में सक्रिय रूप से जोड़ा गया है। कमेटी के सदस्य नशा पीड़ितों की पहचान करने, उनके परिवारों से संपर्क करने और उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग कर रहे हैं। गांव गंगा में आयोजित कैंप भी पुलिस, नशा मुक्ति टीम, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत और नशा मुक्ति कमेटी के संयुक्त प्रयास का परिणाम रहा ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबवाली पुलिस द्वारा नशे की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार और काउंसलिंग से जोड़कर उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस के साथ स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत, परिवारों, शिक्षण संस्थानों और आमजन की भागीदारी जरूरी है।
डबवाली पुलिस द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। अभिभावकों से बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा उन्हें गलत संगति से दूर रखने की अपील की जा रही है।
डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति का तिरस्कार करने के बजाय उसे उपचार के लिए प्रेरित करें। वहीं नशा तस्करी अथवा मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित जानकारी मिलने पर मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो.न. 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना,चौकी को सूचित कर अभियान में सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के निर्देशन में गांव-गांव पहुंचकर नशा पीड़ितों को उपचार, काउंसलिंग और जागरूकता से जोड़ने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। डबवाली पुलिस का प्रयास है कि नशे की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश के साथ नशा पीड़ितों को उपचार का सहारा मिले और युवा सुरक्षित एवं सकारात्मक भविष्य की ओर आगे बढ़ें।@newstodayhry #newstodayhry




