टीकाकरण और वैज्ञानिक पद्धति से देखभाल जरूरी ll
टीकाकरण और वैज्ञानिक पद्धति से देखभाल जरूरी ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को गांव लक्कड़ावाली के राजकीय पशु चिकित्सालय में पशु स्वास्थ्य एवं किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राजकीय पशु चिकित्सालय लक्कड़ावाली के पशु चिकित्सक डॉ. संदीप कम्बोज ने उपस्थित पशुपालकों एवं किसानों को पशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, पशुओं के रखरखाव तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. संदीप कम्बोज ने बताया कि पशुओं को स्वस्थ रखने और संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण करवाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), गलघोटू, लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी), ब्रूसेलोसिस सहित अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा निर्धारित समय के अनुसार टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण के साथ पशुओं को संतुलित आहार, स्वच्छ पानी और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध करवाना चाहिए। शिविर में किसानों एवं पशुपालकों को हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें पशुपालन व्यवसाय में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि पशुधन का बेहतर प्रबंधन करते हुए आमदनी में वृद्धि की जा सके। इस दौरान पशुधन सहायक (वीएलडीए) अमनदीप तथा पशु परिचर जगदेव कुमार, सुनील कुमार एवं संदीप ने सहयोग किया। @newstodayhry #newstodayhry




