थेहड़ मोहल्ले में जुए की महफिल पर पुलिस की दबिश, 6 काबू
थेहड़ मोहल्ले में जुए की महफिल पर पुलिस की दबिश, 6 काबू

सिरसा:- (अक्षित कम्बोज ) शहर में जुआ-सट्टा खेलने वालों पर शिकंजा कसते हुए शहर थाना पुलिस ने पीर बस्ती के थेहड़ मोहल्ले में एक खाली मकान पर दबिश देकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22,700 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस टीम बीती रात गश्त के दौरान थेहड़ मोहल्ला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पीर बस्ती में एक खाली मकान में कुछ लोग इकट्ठा होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेल रहे 6 लोगों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 22,700 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन और जसवंत निवासी खाजाखेड़ा रोड पीर बस्ती, देवेंद्र निवासी गली चावला स्वीट्स वाली, गौतम निवासी थेहड़ मोहल्ला कबीर बस्ती, सतपाल निवासी गौशाला मोहल्ला तथा धर्मवीर उर्फ विक्की निवासी शमशाबाद पट्टी, सिरसा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जुआ, सट्टा और दूसरे गैरकानूनी धंधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं जुआ या सट्टा चलता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।




