
सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) स्थानीय विकास हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बाल भवन में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की होनहार छात्रा समायरा बांसल पुत्री अमित बांसल ने हिंदी लेखन प्रतियोगिता में लगातार चौथी बार सिरसा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। समायरा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिताओं के द्वितीय ग्रुप में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्रा वर्षा रानी ने हिंदी लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि मीनल ने थाली एवं दीया सज्जा प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों ने विद्यालय के गौरव को बढ़ाया है। विद्यालय की प्राचार्या सीमा वत्स ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यार्थियों को वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाता है, ताकि उनकी प्रतिभा निखरे और उनमें आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास हो सके। प्राचार्या ने समायरा, वर्षा रानी और मीनल सहित सभी विजेता विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही ऐसी उपलब्धियां हासिल होती हैं। @newstodayhry #newstodayhry




