
सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) दीपावली की शुरूआत जिस दिन से होती है उसे धनतेरस कहते है जो कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर आती है जिसमें हर कोई बरतन, चाॅंदी, एवं सोना खरीदते है जबकि हमारे जीवन के धन तो स्वास्थ्य, संस्कृति और संस्कार है। ये शब्द लायन्स क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने स्थानीय चतरगढ़ पट्टी में धनतेरस की पूर्व संध्या पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि धन कमाना बुरी बात नहीं है परन्तु धन का अहंकार करना बुरी बात है। इसलिए धन प्राप्ति के लिए माता लक्ष्मी की पूजा तो करो परन्तु धन के गुलाम मत बनो। श्री साहुवाला ने कहा कि भगवान धनवंतरी जी ने आज के दिन अमर होने का अमृत दिया था जो हमारे अच्छे स्वास्थ्य का, अच्छे विचारों का, अच्छी संगति का, अच्छे संस्कारों का है तथा हमारा असली धन अच्छा कर्म है। उन्होंने कहा कि इस धनतेरस पर एक दीया घर में, एक दीया दिल में तथा एक दीया किसी गरीब की झोपड़ी में जलाएं तभी हमारा धनतेरस अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि इस धनतेरस पर आपकी मां, आपकी पत्नि और आपकी बेटी के नाम से कुछ-ना-कुछ जरूर खरीदों क्योंकि महिला के हाथ में लक्ष्मी आती है तो घर में बरकत होती है तथा इससे महिला का आत्मविश्वास भी बढ़ता है और उसका सम्मान भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि धन उसी घर में टिकता है जहाॅं सत्य, मेहनत और ईमानदारी से कमाया गया हो क्योकि बेईमानी और झूठ से आया धन कोई-ना-कोई बीमारी लेकर आता है। उन्होंने कहा कि धनतेरस पर नई चीज खरीदते है ताकि साल भर नई उर्जा भरी रहती है परन्तु इसके साथ हमें यह संकल्प भी लेना है कि हम किसी गरीब का दिल नहीं दुखाएंगे, घर में प्रेम,सहयोग और आपसी तालमेल से रहेंगे जिससे परिवार में अपने आन ही धन-सम्पदा, खुशियाॅं, समृद्धि, वैभव में वृद्धि होगी तभी धनतेरस मनाने का उद्देश्य पूरा होगा। @newstodayhry #newstodayhry




