लोहे की रॉड लेकर पहुंचे 5-6 नकाबपोश, दुकान लूटने की कोशिश हुई नाकाम!
लोहे की रॉड लेकर पहुंचे 5-6 नकाबपोश, दुकान लूटने की कोशिश हुई नाकाम!

यमुनानगर :- (मनदीप कौर) दिवाली की रात चोरों के हौसले बुलंद नजर आए। छछरौली थाना क्षेत्र के लेदी बाजार में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाने पहुंचे 5 से 6 नकाबपोश चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसने की कोशिश की। चोर अपने साथ लोहे की रॉड लेकर पहुंचे थे और करीब 7 मिनट तक शटर का ताला तोड़ने का प्रयास करते रहे। हालांकि, ताला नहीं टूटा तो चोरों को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा। चोरी की यह पूरी कोशिश दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हैरानी की बात यह है कि करीब 3 महीने पहले भी इसी दुकान में चोरी की वारदात हो चुकी है। तस्वीरों में दिखाई दे रहा यह घटनाक्रम लेदी बाजार का है, जहां दिवाली की रात महिंद्रा पिकअप गाड़ी में सवार होकर 5 से 6 नकाबपोश युवक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर पहुंचते हैं। इसके बाद कुछ युवक गाड़ी से नीचे उतरते हैं और लोहे की रॉड की मदद से दुकान के शटर पर लगे तालों को तोड़ने की कोशिश शुरू कर देते हैं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर लगातार ताले पर वार करते हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद ताला नहीं टूटता। करीब 7 मिनट तक मशक्कत करने के बाद जब चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाते तो सभी महिंद्रा पिकअप में सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस दुकान में तीन महीने पहले भी चोरी हो चुकी है, उसी दुकान को एक बार फिर निशाना बनाने की कोशिश की गई। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद चोरों की पहचान और पुलिस कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।#newstodayhry




