ताश की बाजी पर लग रहे थे लाखों अचानक पहुंची CIA, 14 जुआरी दबोचे
ताश की बाजी पर लग रहे थे लाखों! अचानक पहुंची CIA, 14 जुआरी दबोचे
सिरसा :-(अक्षित कम्बोज )शहर में जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंगड़ी रोड स्थित एक मकान पर छापा मारकर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए स्टाफ सिरसा की टीम ने मौके से 1 लाख 93 हजार 290 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया। सीआईए स्टाफ सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए सिरसा टीम गश्त और चेकिंग के दौरान गौशाला मोहल्ला से शिवपुरी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रंगड़ी रोड के नजदीक एक टेंट हाउस के पास बने मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और जुआ खेल रहे सभी 14 लोगों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1,93,290 रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहताश पुत्र गिरधारी लाल, गुरमीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह, बलविंद्र सिंह पुत्र जगतार सिंह, रोहित कुमार पुत्र गुलशन कुमार, विजय पुत्र रुलीचंद, राकेश पुत्र मान सिंह, प्रवीन कुमार पुत्र बाबूलाल, विनोद कुमार पुत्र तुलसीराम, कृष्ण चंद पुत्र हाक्म, राम गौतम शर्मा पुत्र रोहतास, नरेंद्र पुत्र रामपाल, संदीप पुत्र चौथू राम, अरुण पुत्र बाबू लाल व ओमप्रकाश पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी गौशाला मोहल्ला सिरसा के रहने वाले हैं, जबकि कुछ आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच थाना सदर सिरसा पुलिस को सौंपी गई है।





