ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी! हिसार में 3,118 चालान
ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ा भारी! हिसार में 3,118 चालान
हिसार :- (अमित कुमार )जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से हिसार पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन के कुशल मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस व जिला के सभी थाना-चौकी प्रभारियों ने पिछले एक सप्ताह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुल 3,118 चालान किए हैं।इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट कार चलाने, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म, बिना नंबर प्लेट तथा ओवरस्पीडिंग करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान कर जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियम आमजन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें, निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ हिसार पुलिस का यह सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





