अस्पताल के बाहर से बाइक उड़ाई, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
अस्पताल के बाहर से बाइक उड़ाई, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
सिरसा :- ( अक्षित कम्बोज ) शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम ने बाइक चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को चोरीशुदा बाइक सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सतपाल पुत्र नोरंग लाल निवासी गांव किरमारा (अग्रोहा), जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए शहर थाना सिरसा के हवाले कर दिया है। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि गांव चाडीवाल निवासी बजरंग पुत्र भरत सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 अक्टूबर 2023 को दोपहर के समय उसने अपनी बाइक जनता अस्पताल के सामने खड़ी की थी और किसी काम से अस्पताल के अंदर चला गया। जब शाम को वापस घर जाने के लिए बाहर आया तो उसकी बाइक वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायत के आधार पर शहर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि एबीवीटी स्टाफ की टीम शहर में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर आ रहे एक युवक ने पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के कागजात और अपना ड्राइविंग लाइसेंस भी पेश नहीं कर पाया। जांच में बाइक चोरीशुदा निकली। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।





