

सिरसा-(अक्षित कंबोज):- सिरसा भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य जगदीश चोपड़ा ने 28 जनवरी को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने के आरोपों को लेकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज किए जाने को लेकर एसपी सिरसा को शिकायत पत्र सौंपा है। एसपी को दी शिकायत में जगदीश चोपड़ा ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार ने यमुना से दिल्ली में आने वाले पानी में जहर मिलाकर भेज दिया, ये तो भला हो दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर्स का, जन्होंने इसे दिल्ली बॉर्डर पर ही रोक दिया। अगर यह पानी दिल्ली में पीने के पानी में मिल जाता तो न जाने कितने लोग मर जाते। यह स्टेटमेंट अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के समक्ष दी, जिससे सुनकर व समाचार पत्रों में पढक़र भाजपा के समर्थक व सरकार के निर्वाचकों को बहुत आघात पहुंचा है। क्योंकि केजरीवाल ने बिना किसी सबूत केवल मात्र हरियाणा सरकार के खिलाफ दिल्ली के लोगों को झूठा, आधारहीन, गलत व दुर्भाग्यपूर्ण आरोप लगाया है और अराजकता, दंगा, राजद्रोह, विद्रोह फैलाने व लोगों के मन में गलत भावनाएं पैदा करने का काम किया है, ताकि लोग भडक़ जाएं और सरकार के खिलाफ विद्रोह कर दें। यही नहीं अपने ट्विटर अकाऊंट पर भी स्टेटमेंट देते हुए कहा कि लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। जिसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चोपड़ा ने कहा कि केजरीवाल की इस आधारहीन बयानबाजी से भाजपा व हरियाणा सरकार की छवि धूमिल हुई है। इसलिए उपरोक्त तथ्यों के आधार पर केजरीवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अति आवश्यक है। उन्होंने एसपी से मांग की कि तुरंत प्रभाव से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।। #newstodayhry @newstodayhry