1962 एंबुलेंस सेवा का 19130 से अधिक पशुपालकों ने उठाया लाभ II
1962 एंबुलेंस सेवा का 19130 से अधिक पशुपालकों ने उठाया लाभ II


सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- हरियाणा सरकार की 1962 मोबाइल वेटरनरी यूनिट सेवा ग्रामीण पशुपालकों के लिए सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि एक भरोसा, एक सहारा बन चुकी है। डा. पवन पूनियां ने बताया कि सिरसा जिले में फरवरी 2024 के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई इस सेवा ने अब तक 19130 से अधिक बीमार पशुओं का उपचार किया है, जिससे हजारों परिवारों को राहत और पशुओं को नया जीवन मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पशु चिकित्सकों की पहुंच समय पर नहीं हो पाती थी, वहीं अब एक कॉल पर 1962 एंबुलेंस सेवा प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम के साथ दरवाजे पर पहुंच रही है। यह सेवा नि:शुल्क है और इसका संचालन धनुष हेल्थकेयर सिस्टम्स प्रा. लि. द्वारा पीपीपी मॉडल के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसमें हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड का सक्रिय तकनीकी मार्गदर्शन है। डा. पूनियां ने कहा कि गांवों में 1962 सेवा का असर जमीन पर साफ दिख रहा है। अब पशुपालक इलाज के लिए भटकने की बजाय सीधे कॉल करते हैं और सेवा उनके दरवाजे पर आती है। मानसून के मौसम में कुछ बीमारियों का खतरा अधिक होता है, इसलिए हम लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। मानसून में पशुओं को इन बीमारियों से बचाएं: डा. पवन पूनिया ने बताया कि मानसून सीजन में पशुपालक अपने पशुओं को गलघोटू, खुरपका/मुंहपका, लंपी स्किन डिजीज, पाचन विकार (विशेषकर अधिक नमी वाले चारे से), त्वचा संक्रमण व पैरों में गलन आदि से बचाकर रखें। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को चाहिए कि वे समय पर टीकाकरण कराएं, स्वच्छता पर ध्यान दें और किसी भी लक्षण पर तुरंत 1962 पर कॉल करें। इलाज में देर न करें, क्योंकि एक कॉल से पशु की जान बच सकती है।। #newstodayhry @newstodayhry



